यूपी के गोंडा जिले में इन दिनों साधु संतो और धर्मगुरुओं का जमावड़ा लग रहा है। दरअसल, यहां के जयप्रभा ग्राम में श्रीराम कथा की शुरुआत हुई है। इसी क्रम में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री, योग गुरू बाबा रामदेव समेत अन्य संत-महात्मा आज वहां पहुंचे हैं। जहां योग गुरू बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तारीफ करते-करते उन्हें भगवान का अंशावतार बता दिया। वहीं, यहां धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि अब सनातनी हिंदू जाग रहा है।
गोंडा में आज से होने जा रही है श्री राम कथा
बता दें कि यूपी के गोंडा जिले में स्थित जयप्रभा ग्राम में आज भव्य श्रीराम कथा की शुरुआत हुई है। यह कथा 17 से 25 नवंबर तक होगी। कथावाचक राजन जी की इस रामकथा के लिए वहां भव्य इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए लगभग ढाईं लाख लोगों की क्षमता वाला पंडाल बनाया गया है।रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया भगवान का अंशावतार
रामकथा में शामिल होने पहुंचे योगगुरू बाबा रामदेव ने मीडिया से बात करते हुए बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की जमकर तारीफ की। सनातनविरोधियों पर हमला बोलते बाबा रामदेव ने कहा कि आज ऐसी तालियां बजाओ कि जहां कहीं भी सनातनविरोधी हों, उनकी छाती पर सांप लोट जाए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि जब किसी भी विभूति में भगवान का तेज दिखे तो समझ लेना कि वो भगवान के अंशावतार हैं, ऐसे हमारे बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री हैं। इस दौरान उन्होंने लोगों से रामकथा में शामिल होने की भी अपील की।
विवादों में रहे हैं धीरेंद्र शास्त्री
बता दें कि बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हाल-फिलहाल में अपने बयानों को लेकर खासे विवादों में रहे हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने भगवान कृष्ण के खड़े होने, बंसी बजाने और उनके वृंदावन धाम पर भी टिप्पणी की थी। वीडियो में भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि "...तु्म्हारे ठाकुर जी हर फोटो में इधर-उधर देखते नजर आते हैं। खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव। कमर कहीं लचकाएं। फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं। जबकि हमारे वाले तो खड़े भी एकदम सीधे होते हैं। उनका नाम भी सीधा, दिखते भी सीधे और चलते भी सीधे। तुम्हारे वाले का नाम भी टेढ़ा, दिखते भी टेढ़े और चलते भी टेढ़े।'
