शहर

बक्सर से भागलपुर नॉन-स्टॉप रफ्तार, 13 जिलों को डायरेक्ट कनेक्ट करेगा 336 KM लंबा एक्सप्रेस-वे; DPR के लिए मिल गया बजट

Buxar Bhagalpur Expressway : बिहार के 13 जिलों को आपस में कनेक्ट करने के लिए बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस-वे की डीपीआर तैयार करने की दिशा में 66.58 करोड़ की राशि मंजूर कर दी गई है। 336 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग को बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण के लिए किसानों को व्यापक लाभ होने का अनुमान है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istcok)

Buxar Bhagalpur Expressway : बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को विस्तार देने के लिए कवायतें तेज हैं। राज्य के एक छोर से दूसरे छोर तक सफर को आसान करने की दिशा में बड़ा खाका खींचा गया है। अब बक्सर से भागलपुर के बीच प्रस्तावित 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना पर काम अब तेजी से आगे बढ़ने के आसार हैं। चूंकि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने और विशेषज्ञ सलाहकारों की नियुक्ति के लिए राज्य सरकार ने 66.58 करोड़ की राशि मंजूर की है। इस मंजूरी के साथ ही एक्सप्रेस-वे की जमीनी योजना और निर्माण से जुड़ी शुरुआती तैयारियों को नई गति मिलने जा रही है। आइये जानतें हैं यह एक्सप्रेसवे राज्य के किन शहरों से होकर गुजरेगा।

बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस-वे की लंबाई

प्रस्तावित रूपरेखा के मुताबिक, यह एक्सप्रेस-वे पश्चिमी बिहार को पूर्वी बिहार से सीधे जोड़ेगा। यह मार्ग बक्सर से शुरू होकर अरवल, जहानाबाद और राजगीर होते हुए आगे बढ़ेगा और सिकंदरा तथा मुंगेर के भीमबांध के करीब से गुजरते हुए भागलपुर तक जाएगा। यह मार्ग बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर को आपस में कनेक्ट करेगा, जिससे 336 किलोमीटर के दायरे में आने वाले लोगों के लिए सफर आसान साबित होगा। इससे न केवल इन शहरों और जिलों के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि आम लोगों के लिए आवागमन भी बेहद सुगम हो जाएगा।

रूट, भूमि अधिग्रहण पर होगा विचार

प्रोजेक्ट के टेक्निकल पहलुओं को अंतिम रूप देने के लिए स्वीकृत 66.58 करोड़ की राशि से विशेषज्ञ सलाहकारों की सेवाएं ली जाएंगी। ये विशेषज्ञ एक्सप्रेस-वे की संभावित लंबाई, सटीक रूट, भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता, पुल-पुलियों, फ्लाईओवर और कुल अनुमानित लागत का गहन अध्ययन कर DPR तैयार करेंगे। रिपोर्ट पूरी होने के बाद ही प्रोजेक्ट के निर्माण की समयसीमा और खर्च का पूरा खाका स्पष्ट रूप से सामने आ सकेगा।

इस एक्सप्रेस-वे को आगे चलकर प्रस्तावित रक्सौल-हल्दिया हाईवे से भी जोड़ने की योजना है, जिससे राज्य के सड़क नेटवर्क को व्यापक विस्तार मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा लाभ राज्य की अर्थव्यवस्था, व्यापार और कृषि क्षेत्र को मिलने की उम्मीद है। किसानों के लिए अपनी उपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा, वहीं माल ढुलाई में लगने वाले समय में कमी आने से व्यापारियों और उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही, एक्सप्रेस-वे के आसपास औद्योगिक गतिविधियों और नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article