Jharkhand NTPC Plant: झारखंड के चतरा जिले में स्थित एनटीपीसी के टंडवा प्लांट में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एनटीपीसी प्लांट में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम करने के दौरान हुए हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया।
कैसे हुआ हादसा?
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि टंडवा स्थित नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (NKSTPP) में कन्वेयर बेल्ट के निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें तीन श्रमिकों की जान चली गई और दो घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य एक आउटसोर्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था। पुलिस हादसे के कारणों और इससे जुड़ी अन्य जानकारियों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में श्रमिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''इस हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।''
उन्होंने आगे कहा कि मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फाजिल्का में बारातियों से भरी गाड़ी पिकअप से टकराई; 3 बच्चों समेत 5 की मौत
NTPC ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा
एनटीपीसी ने बयान जारी कर बताया कि निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम करते समय सिंप्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और थिसेनक्रुप में कार्यरत तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। एनटीपीसी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस दुखद हादसे से पूरा एनटीपीसी परिवार शोकाकुल है। कंपनी ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहायता एवं सहयोग देने का भरोसा दिया।
