भारत एक बहुत ही बड़ा देश है और इतने बड़े देश को एक सूत्र में पिरोती है भारतीय रेलवे। इतने बड़े देश में एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए भारतीय रेलवे का कोई विकल्प मौजूद नहीं है। लेकिन देश का एक राज्य ऐसा भी है जहां अभी तक रेलवे की पहुंच नहीं है। यानी इस राज्य में अभी तक एक भी रेल की पटरी मौजूद नहीं है। क्या आप जानते हैं कि भारत का वह कौन सा राज्य है, जहां अभी तक ट्रेन की सुविधा नहीं है? चलिए जानते हैं -
बता दें कि भारत में दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क है। भारतीय रेलवे एशिया की सबसे बड़ी रेलवे है और एक ही मैनेजमेंट के तहत आने वाली दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी रेलवे है। हर दिन 2 से तीन करोड़ यात्री भारतीय रेलवे से सफर करते हैं। प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो के अनुसार 4 नवंबर 2024 को भारतीय रेलवे में सबसे ज्यादा 3 करोड़ यात्रियों ने सफर किया।
भारतीय रेलवे के यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारतीय रेलवे की सुविधाएं और स्पीड भी लगातार बढ़ रही हैं। इस सबसे बावजूद आज भी देश का एक राज्य ऐसा है, जहां अब तक रेल नहीं पहुंची है।
कौन सा राज्य है ये
जिस राज्य में अब तक ट्रेन नहीं पहुंची है, उस राज्य का नाम सिक्किम है। सिक्किम भारत का 22वां राज्य है, जिसे 16 मई 1975 को यह दर्जा मिला। इस साल सिक्किम को भारत में शामिल हुए 50 साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक इस राज्य में ट्रेन नहीं पहुंची।
क्यों नहीं पहुंची ट्रेन
भारत में शामिल होने के 50 साल बाद भी सिक्किम में ट्रेन अब तक क्यों नहीं पहुंची इसका एक बहुत ही बड़ा कारण है। सिक्किम में ट्रेन की पटरी बिछाना और वहां तक ट्रेन पहुंचाना आर्थिक दृष्टि से अव्यवहारिक और चुनौतीपूर्ण है। यहां की भौगोलिक स्थिति बहुत कठिन है क्योंकि इस राज्य की पूरी भूमि पहाड़ी और गहरी खाइयों से पटा पड़ा है।
सिक्किम में रेल न होने के कारण यहां के लोगों को सड़क और हवाई मार्ग से ही आना-जाना पड़ता है। हालांकि, अब भारत सरकार ने सिक्किम के लिए एक रेलवे प्रोजेक्ट (सिवोक-रांगपो लाइन) शुरू किया है, जिसके 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है।
