बिहार में मुजफ्फरपुर के एक छोटे से गांव में एक चौंकाने वाली प्रेम कहानी ने सबको हैरान कर दिया। इस प्रेम कहानी में जो महिला है, उसकी उम्र 40 साल है और 20 साल पहले उसकी शादी हुई थी, अब वह दो बड़े बेटों की मां है। प्रेम कहानी में दूसरा कैरेक्टर 21 साल का देवर है, जो भाभी की शादी के समय मात्र 1 साल का था। आज भाभी उसी देवर के प्रेम जाल में फंसकर अपने बसे-बसाए घर को छोड़कर भाग गई।
उसके पति गरीबनाथ, ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। गरीबनाथ ने मनियारी थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी घर से नकद रुपये और गहने लेकर चली गई है। महिला अपने से 19 साल छोटे देवर के साथ भागी है, इस बात को लेकर ज्यादातर लोग हैरान हैं।
गरीबनाथ ने बताया कि उनकी पत्नी अक्सर देवर को घर बुलाकर समय बिताती थी, लेकिन उन्होंने इसे कभी गंभीरता से नहीं लिया। क्योंकि उन्हें अंदाजा नहीं था कि देवर-भाभी का यह रिश्ता अब सामान्य नहीं रहा।
महिला का एक बेटा भी अब बालिग हो चुका है, लेकिन मां ने ‘लव मैरिज’ कर सबको हैरान कर दिया है। यह पहली बार नहीं था, जब वह घर से भागी हो। महिला पहले भी एक बार घर छोड़ चुकी थी, लेकिन समझा-बुझाकर वापस लाई गई थी।
इस बार मामला गंभीर है, क्योंकि वह घर से कीमती सामान लेकर गई है। पुलिस अब दोनों की तलाश कर रही है, जबकि गांव में यह प्रेम कहानी चर्चा का विषय बन गई है।
