शहर

ममता के साथ मजबूती से डटे रहे पूर्व MLA मैती को पुलिस ने उठाया, BJP नेता की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी

Bengal Extortion Case: पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में रंगदारी के एक मामले में ममता बनर्जी खेमे के नेता अजीत मैती को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।

Image

तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक अजीत मैती गिरफ्तार

Photo : PTI

Bengal Extortion Case: पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में रंगदारी के एक मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और ममता बनर्जी खेमे के नेता अजीत मैती को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि पिंगला के विधायक रहे मैती को तड़के मदपुर स्टेशन के पास स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया।

BJP नेता की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "इसके बाद उन्हें देबरा थाने ले जाया गया, जहां फिलहाल उन्हें रखा गया है।" पुलिस ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता गोबिंदा दास ने 23 सितंबर को पिंगला थाने में मैती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई।

'15 लाख में प्रखंड अध्यक्ष बनाने का था वादा'

दास ने आरोप लगाया कि 2016 में जब वह पिंगला-द्वितीय प्रखंड के जमना इलाके में तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष थे, तब मैती ने उन्हें पार्टी का प्रखंड अध्यक्ष बनाने का वादा कर उनसे 15 लाख रुपये लिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पद नहीं दिया गया और जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो मैती ने उन्हें परेशान किया।

कौन हैं अजीत मैती?

मैती फिलहाल पश्चिम मेदिनीपुर जिला परिषद के उपाध्यक्ष हैं और कई वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वह 2021 के विधानसभा चुनाव में पिंगला से निर्वाचित हुए थे। इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें फिर इसी सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह भाजपा उम्मीदवार स्वागता मन्ना से 18,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गए।

ममता के साथ खड़े रहे मैती

तृणमूल कांग्रेस में विभाजन के बीच मैती ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले धड़े के साथ रहे, जिसने उन्हें घाटाल संगठनात्मक जिला समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से मैती इलाके में ज्यादा नजर नहीं आए थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article