Delhi Yamuna Cruise: राजधानी दिल्ली के निवासियों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आज का दिन बेहद खास है। यमुना नदी में जल पर्यटन और सार्वजनिक जुड़ाव को एक नए स्तर पर ले जाने के उद्देश्य से आज, मंगलवार को 'नमो यमुना क्रूज' सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित रिवर क्रूज सेवा के शुरू होने से अब दिल्लीवासी सोनिया विहार से लेकर जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक यमुना की लहरों पर क्रूज के रोमांचक सफर का आनंद उठा सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल करेंगे उद्घाटन
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के आधिकारिक बयान के अनुसार, केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने दिल्ली में इस सैर-सपाटे से संबंधित पहली यमुना क्रूज सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन को नया जीवन देना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करना और राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन का एक अनूठा और विश्वस्तरीय साधन उपलब्ध कराना है।
राष्ट्रीय जलमार्ग-110 पर हुआ सफल परीक्षण
उल्लेखनीय है कि 'राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016' के तहत यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। यमुना के सोनिया विहार से जगतपुर खंड में क्रूज सेवा की शुरुआत इस जलमार्ग की नौकायन और पर्यटन संभावनाओं को भुनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। पिछले महीने भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में क्रूज पोत का सफल परीक्षण किया गया था।
विधायक कपिल मिश्रा ने की तैयारियों की समीक्षा
इस ऐतिहासिक मौके से पूर्व, स्थानीय विधायक और भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट साझा करते हुए जानकारी दी थी कि उन्होंने सभी प्रशासनिक और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सोनिया विहार में निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। कपिल मिश्रा ने लिखा कि यमुना जी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'नमो यमुना क्रूज' दिल्लीवासियों को सौंप दिया जाएगा। हमारी विधानसभा के सोनिया विहार से जगतपुर शनि मंदिर तक दिल्लीवासी इस रोमांचक सफर का लुत्फ ले सकेंगे। हमारी सरकार दिल्लीवासियों से किए गए सभी वादों को निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
