शहर

मुंबई, ठाणे के बाद अब नागपुर प्रशासन का बड़ा फैसला, रॉकेट और उड़ने वाले पटाखों पर लगाई पाबंदी

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, इमारतों की छतों, टेरेस, बालकनी, झुग्गी-बस्तियों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और पार्किंग स्थलों पर इस तरह के पटाखे फोड़ने की मनाही होगी।

Image

नागपुर में पटाखों पर बैन

Photo : PTI

Nagpur News: बढ़ती आगजनी की घटनाओं के बाद नागपुर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। नागपुर में रॉकेट और स्काई शॉट पटाखे उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। ये प्रतिबंध 30 नवंबर तक लागू रहेंगे। दिवाली पर आग की 42 घटनाओं के बाद प्रशासन ने फैसला लिया है। नागपुर महानगरपालिका के शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UDMA) ने शहर में हवा में उड़ने वाले पटाखों, रॉकेट, स्काई शॉट और इसी तरह के अन्य पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध 9 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, इमारतों की छतों, टेरेस, बालकनी, झुग्गी-बस्तियों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और पार्किंग स्थलों पर इस तरह के पटाखे फोड़ने की मनाही होगी। दरअसल, दिवाली के दौरान नागपुर शहर में महज 24 घंटे के भीतर आग लगने की 42 से अधिक घटनाएं सामने आईं। पटाखों के कारण आग की घटनाओं में हुई इस बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है। प्रशासन का उद्देश्य शहर में आग की घटनाओं पर नियंत्रण रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

ठाणे प्रशासन ने भी लगाई पाबंदी

इससे पहले दिवाली और त्योहारों के दौरान आग लगने की बढ़ती हादसों और सुरक्षा जोखिमों को गंभीरता से लेते हुए ठाणे प्रशासन ने भी ऐसा ही कदम उठाया था। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सख्त निर्देशों के बाद ठाणे जिले में अगले तीन महीनों के लिए हवाई पटाखों और विशेष रूप से 'रॉकेट पटाखों' की बिक्री व प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। प्रशासन की इस घोषणा से स्पष्ट हो गया है कि त्योहारों और आयोजनों में हवाई आतिशबाजी से बहुमंजिला इमारतों और रिहाइशी इलाकों में होने वाले हादसों को रोकने के लिए जीरो-टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

क्यों लिया गया यह फैसला?

हाल के दिनों में ठाणे जिले और आसपास के क्षेत्रों में ऊंची इमारतों , सोसायटियों और बाजारों में रॉकेट पटाखों के कारण आग लगने की कई घटनाएं सामने आई थीं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। प्रतिबंधित समय सीमा (अगले 3 महीने) के दौरान यदि कोई व्यक्ति रॉकेट या हवाई पटाखे छोड़ता हुआ, बेचता हुआ या संग्रह करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम और पुलिस अधिनियम की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article