Wedding Budget Mistakes: शादी का बजट (Wedding Budget) बनाते समय लोग वेन्यू, फूड, डेकोरेशन और कपड़ों जैसे बड़े खर्चों पर ध्यान देते हैं। लेकिन परेशानी अक्सर उन छोटे खर्चों से होती है, जिनका हिसाब शुरुआत में नहीं लगाया जाता। नतीजा यह होता है कि तय बजट बढ़ जाता है और परिवार को बचत या निवेश की रकम खर्च करनी पड़ती है। इसलिए शादी की तैयारी से पहले कुछ छिपे खर्चों (Hidden Wedding Expenses) को समझना जरूरी है।
किन खर्चों से बढ़ सकता है बिल
सजावट और फूल: डेकोरेशन का शुरुआती कोटेशन हर चीज को शामिल नहीं करता। डिजाइन में बदलाव, मौसम के कारण महंगे फूल, अतिरिक्त लाइटिंग, जनरेटर और आखिरी समय की व्यवस्था के लिए अलग पेमेंट करनी पड़ सकती है। पसंद की तस्वीर जैसा सेटअप तैयार करवाने पर भी लागत बढ़ सकती है।
खाना और कैटरिंग: प्रति प्लेट बताई गई कीमत में GST, सर्विस चार्ज, अतिरिक्त प्लेट, लाइव फूड काउंटर और खास मेन्यू शामिल हों, यह जरूरी नहीं। मेहमानों की संख्या बढ़ने या आखिरी समय में किसी डिश को बदलने से बिल बढ़ सकता है। कैटरिंग टीम के खाने का खर्च भी पूछें।
मेहमानों का आना-जाना और ठहरना: कई दिनों के समारोह में होटल के एक्स्ट्रा कमरे, एयरपोर्ट या स्टेशन से पिकअप, गाड़ियों की वेटिंग, पार्किंग और तय किलोमीटर से ज्यादा सफर का खर्च जुड़ सकता है। मेहमानों की लिस्ट बढ़ने पर यह रकम तेजी से बढ़ती है।
फोटोग्राफी, मेकअप और एंटरटेनमेंट: हो सकता है कि फोटोग्राफर के पैकेज में ड्रोन शूट, एक्स्ट्रा दिन, प्रीमियम एल्बम और रील शामिल न हों। मेकअप के ट्रायल, अलग-अलग लुक, हेयरस्टाइल और टच-अप के लिए अतिरिक्त शुल्क लग सकता है। कलाकारों के आने-जाने, रहने और उपकरणों का खर्च भी पहले स्पष्ट करें।
कपड़े और गहने: कपड़ों की फिटिंग, गहनों की मेकिंग फीस, GST, डिजाइन कस्टमाइजेशन और पॉलिशिंग जैसे खर्च बजट से बाहर हो सकते हैं।
बजट संभालने के लिए अपनाएं ये तरीके
सबसे पहले वेन्यू, कैटरिंग, डेकोरेशन, ट्रैवल और मेहमानों के ठहरने के लिए अलग-अलग सीमा तय करें। हर वेंडर से लिखित समझौता लें, जिसमें टैक्स, अतिरिक्त शुल्क, काम और पेमेंट की शर्तें साफ हों। अनुमानित बजट का 10-15% इमरजेंसी खर्च के लिए अलग रखें। सभी पेमेंट को ट्रैक करें। पीक सीजन में समय रहते बुकिंग करें और सोशल मीडिया या रिश्तेदारों के दबाव में खर्च न बढ़ाएं।
