शहर

Mumbai Fire: मुंबई के मलाड मालवानी में पटाखे की दुकान में भीषण आग, 16 साल के लड़के की मौत, झुग्गियां जलकर राख

Mumbai Fire: मुंबई के मलाड मालवानी स्थित गेट नंबर 8 पर दीवाली की अगली रात पटाखे की दुकान में भीषण आग लगने से 16 वर्षीय शाहनवाज खान की दर्दनाक मौत हो गई। दमकल की गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया।

Image

कई झुग्गियां भी चपेट में आईं (सांकेतिक चित्र)

Mumbai Fire: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के मलाड मालवानी इलाके में दिवाली के त्योहार के अगले ही दिन एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोमवार रात मालवानी क्षेत्र के गेट नंबर 8 के सामने स्थित एक पटाखे की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। इस भयावह दुर्घटना में 16 साल के एक किशोर की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आसपास की कई झुग्गियां और घर आग की चपेट में आ गए।

पटाखे की दुकान से भड़की लपटें, फैली अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात मालवानी गेट नंबर 8 पर स्थित आतिशबाजी की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान के अंदर रखे पटाखों के कारण आग ने बेहद कम समय में विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें आसपास फैलने लगीं। हादसे के वक्त दुकान और आसपास के क्षेत्र में मौजूद 16 वर्षीय शाहनवाज खान आग की लपटों में फंस गया। अत्यधिक झुलस जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चूंकि यह पूरा क्षेत्र एक घनी आबादी वाली झुग्गी बस्ती से सटा हुआ था, इसलिए आग की तेजी से आसपास के कई घरों और दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

6 से 7 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

हादसे की भनक लगते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की 6 से 7 गाड़ियां और टैंकर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने बेहद मुस्तैदी दिखाते हुए करीब एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और इसे और अधिक फैलने से रोका।

मालवानी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम जांच में जुटी

हादसे के बाद मालवानी थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक शाहनवाज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मालवानी पुलिस और अग्निशमन विभाग इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि आग किसी की लापरवाही या शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या पटाखों से निकली किसी चिंगारी के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article