शहर

पटना में दिवाली की रात 17 साल की लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, बीमार पिता की तलाश में निकली थी घर से बाहर

पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस को बताया कि वे दोनों रात करीब 11 बजे अपने बीमार पिता की तलाश में घर से बाहर निकली थीं, जो देर रात तक घर नहीं लौटे थे।

Image

पटना में दिवाली की रात बड़ी वारदात (AI Image)

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ (Barh) उपमंडल क्षेत्र में दिवाली की रात इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस और पीड़िता के परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, वह अपनी बहन के साथ पिता की तलाश में निकली थी। पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस को बताया कि वे दोनों रात करीब 11 बजे अपने बीमार पिता की तलाश में घर से बाहर निकली थीं, जो देर रात तक घर नहीं लौटे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो साल पहले बच्चों की मां का निधन हो चुका है, जिसके बाद से उनके पिता कथित तौर पर डिप्रेशन में रहते हैं।

बड़ी बहन का अपहरण, छोटी को धमकाया

घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थानीय चार युवकों ने दोनों बहनों को रोक लिया। जब छोटी बहन ने इसका विरोध किया और बीच-बौव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसे डराया-धमकाया और बंदूक की नोक पर चुप करा दिया। इसके बाद वे उसकी बड़ी बहन को खींचकर घर से करीब 1 से 1.5 किलोमीटर दूर एक सुनसान रास्ते पर ले गए, जहाँ बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

डायल 112 पर कॉल और पुलिस की कार्रवाई

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों बहनें रात करीब 1 बजे सहमी हुई घर वापस लौटीं। छोटी बहन ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत 'डायल 112' (Dial 112) इमरजेंसी सर्विस पर कॉल कर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा। मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन का बयान

बाढ़ उपमंडल के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) रामकृष्णा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि घटना की रात ही एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर लिया गया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की और चार संदिग्धों को अपनी हिरासत में ले लिया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा घटना से जुड़े फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस संवेदनशील मामले की हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article