Times Now Navbharat
live-tv
Premium

चीन से अमेरिका तक… कौन कितना बिगाड़ रहा धरती का पर्यावरण? आंकड़ों से समझें पूरी तस्वीर

तुर्किये के अंताल्या में 9 से 20 नवंबर तक आयोजित COP31 में 200 देशों के प्रतिनिधि जलवायु संकट पर चर्चा कर रहे हैं। इस बार सम्मेलन के सामने ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने से लेकर कई बड़ी चुनौतियां हैं।

Image
जलवायु परिवर्तन
Authored by: आलोक कुमार
Updated Nov 10, 2026, 13:04 IST
Follow on Google News

दुनिया में जलवायु परिवर्तन का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कहीं भीषण गर्मी तो कहीं बाढ़, तूफान और जंगलों में आग तबाही मचा रहे हैं। इसकी एक बड़ी वजह ग्रीनहाउस गैसों का बढ़ता उत्सर्जन है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर दुनिया के कौन-से देश सबसे ज्यादा ग्रीनहाउस गैसें छोड़ रहे हैं? क्या चीन, अमेरिका और भारत इस सूची में सबसे आगे हैं? और इन देशों में किन उद्योगों की वजह से सबसे ज्यादा प्रदूषणकारी गैसों का उत्सर्जन हो रहा है?

संयुक्त राष्ट्र का वार्षिक जलवायु शिखर सम्मेलन COP31 शुरू हो गया है। इस बार यह सम्मेलन 9 से 20 नवंबर तक तुर्की के अंताल्या में आयोजित हो रहा है। दुनिया भर के नेता और प्रतिनिधि ऐसे समय में यहां जुट रहे हैं, जब वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन लगातार बढ़ रहा है। यूरोपीय आयोग के जॉइंट रिसर्च सेंटर (JRC) और इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में दुनिया भर में कुल 54.1 अरब टन ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन हुआ। यह 2024 के मुकाबले 0.7 फीसदी और 1990 के स्तर से 68.5 फीसदी अधिक है।

ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन बढ़ने से क्या खतरा?

ग्रीनहाउस गैसें, खासकर कार्बन डाइऑक्साइड और मीथेन, पृथ्वी के वातावरण में गर्मी को रोककर रखती हैं। इससे धरती का औसत तापमान बढ़ता है और लू, सूखा, बाढ़ तथा अन्य चरम मौसमी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

कौन-सी गैसें धरती का तापमान बढ़ा रही हैं?

2025 में वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा 73.8 फीसदी रही। कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस जैसे जीवाश्म ईंधन जलाने से मुख्य रूप से यह गैस निकलती है। इसके अलावा पेड़ों की कटाई भी समस्या को बढ़ाती है, क्योंकि पेड़ों की संख्या कम होने से वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड सोखने की प्राकृतिक क्षमता घट जाती है।

मीथेन (CH4) का वैश्विक उत्सर्जन में 17.6 फीसदी योगदान रहा। इसके बाद नाइट्रस ऑक्साइड (N2O) की हिस्सेदारी 5.3 फीसदी और फ्लोरीनेटेड गैसों (F-gases) की 3.3 फीसदी रही। JRC के मुताबिक, 1990 के बाद से दुनिया में कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन 76.3 फीसदी बढ़ चुका है।

ग्लोबल वार्मिंग का दुनिया पर क्या असर पड़ रहा है?

ग्रीनहाउस गैसों के लगातार जमा होने से पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है। इसका असर केवल जमीन पर ही नहीं, बल्कि महासागरों पर भी दिखाई दे रहा है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) के अनुसार, 2025 में दुनिया के महासागरों में जमा गर्मी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। पिछले दो दशकों के दौरान महासागरों के गर्म होने की रफ्तार में भी काफी तेजी आई है। इस बढ़ते तापमान के साथ दुनिया के कई हिस्सों में बाढ़, तूफान, हीटवेव, सूखे और जंगलों में आग जैसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं। इन घटनाओं से जान-माल का नुकसान होता है और बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर छोड़ने पड़ते हैं।

दुनिया में सबसे ज्यादा ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन कहां से होता है?

ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के मामले में पावर सेक्टर सबसे आगे है। 2025 में दुनिया के कुल ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में इसकी हिस्सेदारी करीब 30 फीसदी रही। 1970 के बाद से इस क्षेत्र से होने वाला उत्सर्जन लगभग चार गुना बढ़ गया है। इसकी प्रमुख वजह चीन और भारत जैसी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में बिजली की मांग बढ़ना है।

दूसरे नंबर पर मैन्युफैक्चरिंग और खनन समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्र हैं। इनकी हिस्सेदारी करीब 21 फीसदी है। कारखानों में ईंधन जलाने के अलावा सीमेंट, धातु और रसायनों के उत्पादन के दौरान भी बड़ी मात्रा में ग्रीनहाउस गैसें निकलती हैं। 2000 के दशक में चीन के विनिर्माण क्षेत्र में तेजी आने के साथ औद्योगिक उत्सर्जन में भी बड़ा उछाल आया।

परिवहन क्षेत्र 16 फीसदी हिस्सेदारी के साथ तीसरे स्थान पर है। इसमें कारों, ट्रकों, जहाजों और विमानों से होने वाला उत्सर्जन शामिल है। बिजली उत्पादन, उद्योग और परिवहन, ये तीनों क्षेत्र मिलकर दुनिया के कुल ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन का लगभग दो-तिहाई हिस्सा पैदा करते हैं।

बाकी उत्सर्जन में कृषि क्षेत्र की हिस्सेदारी 12 फीसदी, कोयला, तेल और गैस के उत्पादन की 11 फीसदी, इमारतों की 6.6 फीसदी और कचरे की 3.6 फीसदी है।

जलवायु सम्मेलन

जलवायु सम्मेलन

ग्रीनहाउस गैसों का सबसे ज्यादा उत्सर्जन करने वाले देश कौन-से हैं?

2025 के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों का सबसे ज्यादा उत्सर्जन करने वाले तीन देश चीन, अमेरिका और भारत हैं। हालांकि, अगर भारत की आबादी से तुलना करें तो ग्रीन हाउस उत्सर्जन में काफी कम हिस्सेदारी है। 140 करोड़ से अधिक आबादी वाले इस देश में दुनिया के अन्य देशों के मुकबाले काफी कम ग्रीनहाउस गैस का उत्सर्जन होता है।

देश 2025 में उत्सर्जन वैश्विक हिस्सेदारी

  • चीन 16 अरब टन: 29.5%
  • अमेरिका 6.02 अरब टन: 11.1%
  • भारत 4.51 अरब टन:8.3%

इनके बाद यूरोपीय संघ के 27 देशों का संयुक्त योगदान 5.8 फीसदी रहा। रूस 4.8 फीसदी, इंडोनेशिया 2.5 फीसदी, ब्राजील 2.4 फीसदी और ईरान 2.1 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सूची में शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और विमानन से होने वाला उत्सर्जन किसी एक देश के खाते में नहीं जोड़ा जाता। हालांकि, दोनों क्षेत्रों को मिलाकर देखें तो इनकी हिस्सेदारी वैश्विक उत्सर्जन में 2.6 फीसदी है। यह कई देशों के कुल उत्सर्जन से भी ज्यादा है।

ऐतिहासिक रूप से किस देश ने सबसे ज्यादा उत्सर्जन किया है?

सालाना उत्सर्जन के आंकड़ों में चीन सबसे आगे है, लेकिन ऐतिहासिक तस्वीर इससे अलग है। 18वीं और 19वीं सदी की औद्योगिक क्रांति के दौरान सबसे पहले ब्रिटेन और अमेरिका जैसे पश्चिमी देशों में उत्सर्जन तेजी से बढ़ा। कारखानों की स्थापना और बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए कोयले और दूसरे जीवाश्म ईंधनों का इस्तेमाल इसकी प्रमुख वजह था।

द्वितीय विश्व युद्ध के बाद वैश्विक उत्सर्जन में तेज उछाल आया। इसके बाद चीन की अर्थव्यवस्था में तेजी से औद्योगिकीकरण हुआ और 2000 के दशक के मध्य तक वह अमेरिका को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे बड़ा वार्षिक उत्सर्जक बन गया।

हालांकि, अगर औद्योगिक क्रांति के दौर से अब तक के कुल कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को देखें, तो अमेरिका की हिस्सेदारी चीन से ज्यादा है। ग्लोबल कार्बन बजट के अनुसार, 18वीं सदी के मध्य से अब तक दुनिया के कुल CO2 उत्सर्जन में अमेरिका का योगदान 23.5 फीसदी और चीन का 15.4 फीसदी रहा है।

ग्रीनहाउस गैसों का वैश्विक हाल

ग्रीनहाउस गैसों का वैश्विक हाल

सबसे ज्यादा उत्सर्जन किस क्षेत्र से होता है?

दुनिया के तीन सबसे बड़े उत्सर्जक देशों में ग्रीनहाउस गैसों के स्रोत अलग-अलग हैं। कहीं बिजली उत्पादन सबसे बड़ी वजह है, तो कहीं परिवहन और उद्योगों का योगदान अधिक है।

चीन: यहां बिजली उत्पादन क्षेत्र ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन का सबसे बड़ा स्रोत है। देश के कुल उत्सर्जन में इसकी हिस्सेदारी करीब 42 फीसदी है। उद्योगों का योगदान 31 फीसदी और ईंधन उत्पादन का 9.5 फीसदी है। चीन की बिजली जरूरतों का बड़ा हिस्सा अभी भी कोयले से पूरा होता है। सितंबर 2025 में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने वादा किया था कि 2035 तक देश के ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को उसके उच्चतम स्तर से 7 से 10 फीसदी तक कम किया जाएगा।

अमेरिका: यहां परिवहन क्षेत्र सबसे ज्यादा ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार है। कुल उत्सर्जन में इसकी हिस्सेदारी 29 फीसदी है। इसमें मुख्य रूप से कारों और ट्रकों से होने वाला उत्सर्जन शामिल है। बिजली उत्पादन क्षेत्र 26 फीसदी और उद्योग 14 फीसदी योगदान करते हैं।

भारत: भारत में बिजली उत्पादन के लिए कोयले पर काफी निर्भरता है। यही वजह है कि देश के कुल ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में पावर सेक्टर की हिस्सेदारी 35 फीसदी है। इसके बाद उद्योगों का योगदान 24 फीसदी और कृषि क्षेत्र का 19 फीसदी है।

End of Article