अगर आप रोज वजीराबाद रोड से सफर करते हैं तो आप और वहां से गुजरने वाले लाखों यात्रियों के लिए यह खबर बहुत ही अहम है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करके कहा है कि भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के चलते आने वाले कई महीनों तक इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक बना रहेगा। खासतौर पर सुबह और शाम के पीक आवर्स में यात्रियों को यहां लंबा जाम झेलना पड़ सकता है। इसलिए यहां पर ट्रैफिक व्यवस्था दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
सड़क के दोनों तरफ काम जारी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार भजनपुरा मेट्रो स्टेशन से बृजपुरी कट तक दोनों ओर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यही नहीं बृजपुरी कट से वापस भजनपुरा मेट्रो स्टेशन की दिशा में भी निर्माण कार्य जारी है। यानी सड़क के दोनों तरफ काम किया जा रहा है। इसी कारण कई स्थानों पर लेन प्रतिबंध लागू किए गए हैं, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
इस रास्ते का इस्तेमाल करने का सुझाव
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे वजीराबाद रोड की भीड़भाड़ से बचने के लिए शास्त्री पार्क–सीलमपुर–गोकुलपुरी मार्ग का इस्तेमाल करें। साथ ही ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों, ट्रैफिक सिग्नलों और लेन ड्राइविंग का पालन करें। निर्माण स्थल के आसपास गाड़ी खड़ी करने से भी बचने की सलाह दी गई है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यात्रा शुरू करने से पहले अपने पूरे रूट की योजना बना लें। दैनिक यात्रियों को समय बचाने और ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है।
इस बीच दिल्ली के मुंडका इलाके में भी PWD के सीवर और ड्रेनेज निर्माण कार्य के कारण ट्रैफिक डायवर्जन लागू है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
