Varanasi News: वाराणसी का शिवपुर इलाका शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। यहां के नामी उदय प्रताप स्वायत्तशासी महाविद्यालय (UP College) के कैंपस में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि असलहे निकल आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इस गैंगवार जैसी स्थिति में एक छात्र को गोलियां लगी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है।
कैंपस में ही हुई वारदात
छात्र को गोली लगने की खबर जंगल में आग की तरह फैली, जिसके बाद कॉलेज के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कैंपस में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज की संपत्ति को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
क्या कह रही है पुलिस
वाराणसी के DIG (लॉ एंड ऑर्डर) शिवहरि मीणा ने इस घटना पर आधिकारिक बयान देते हुए स्थिति स्पष्ट की है। "दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान एक छात्र ने अचानक पिस्टल निकाल ली और गोली चला दी, जो दूसरे छात्र को जा लगी। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज की जा रही है और मौके पर मौजूद अन्य छात्रों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस बाकी की कानूनी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि जिस छात्र को गोली लगी है, उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर फिलहाल उसकी जांच कर रहे हैं। पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और डॉक्टरों की एक टीम उसके इलाज में जुटी हुई है... शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बहस के दौरान अचानक मिले उकसावे के कारण यह घटना हुई। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और कार्रवाई की जा रही है। आरोपी (गोली चलाने वाले) को गिरफ्तार करने के लिए सात टीमें लगातार काम कर रही है।
कॉलेज का ही छात्र है आरोपी
मृतक छात्र की पहचान गाजीपुर निवासी 23 वर्षीय सूर्य कुमार सिंह के तौर पर हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी हमलावर भी इसी कॉलेज का छात्र है। यह घटना कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय में हुई। बताया जा रहा है कि हमलावर ने छात्र को कई गोलियां मारी थीं और हथियार वहीं फेंककर भाग निकला। गोलीकांड को लेकर छात्र कॉलेज में भारी प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज में तोड़फोड़ भी की है। घटना के बाद यूपी कॉलेज का गेट पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पांच थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाने की कोशिश कर रही है।
