शहर

Varanasi News: श्रेया उपाध्याय मर्डर केस में बड़ी कामयाबी, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी पुनीत गिरफ्तार

Varanasi News: वाराणसी में श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी पुनीत मिश्र को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में पुनीत के पैर में गोली लग गई और उसके पास से असलहा बरामद हुआ।

Image

वाराणसी श्रेया मर्डर केस मुख्य आरोपी का करीबी दोस्त गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Varanasi Police Encounter: वाराणसी में रोहनिया के बच्छांव क्षेत्र में हुए चर्चित एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में वाराणसी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुनीत मिश्र को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पैर में गोली लगने के कारण वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पुनीत श्रेया हत्याकांड के मुख्य आरोपी विवेक चौबे का करीबी दोस्त है। वह हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता और शूटर भी बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर श्रेया के परिवार का इस मामले में रुख पुलिस से पूरी तरह अलग है। उन्होंने पुलिस की इस कहानी और पकड़े गए आरोपी को पहचानने से फिलहाल इनकार किया है।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए पुनीत ने ही अपने अन्य साथियों को शामिल किया था। उन्हें लाखों रुपये का लालच देकर उसने हत्या की साजिश रची थी। कार्रवाई के दौरान पुनीत का एक साथी बाइक से पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। वह भी इसी गिरोह का हिस्सा बताया जा रहा है। पुलिस ने पुनीत के पास से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं।

18 अगस्त को लापता हुई थी श्रेया

गौरतलब है कि वाराणसी में 18 अगस्त को कॉलेज के लिए निकली श्रेया लापता हो गई थी। उसके मोबाइल का लोकेशन बच्छांव में मिलने के बाद परिवार को विवेक चौबे पर संदेह हुआ। बाद में उसी के किराए के कमरे से श्रेया का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट और अधिक खून बहने के कारण मौत की बात सामने आई। पिता का आरोप है कि विवेक संपत्ति के लालच में श्रेया से शादी करना चाहता था और इनकार पर उसने बेटी की हत्या की। परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ मुख्य आरोपी

हत्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक चौबे वारदात के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। 20 अगस्त को छात्रा का शव मिलने के बाद से वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने इलाके और आसपास के मार्गों पर लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। जिसमें कुछ जगहों पर आरोपी के दिखाई देने की पुष्टि हुई है।

मुख्य आरोपी विवेक चौबे की 6 जिलों और 2 राज्यों में तलाश

आरोपी विवेक को पकड़ने के लिए वाराणसी पुलिस, एसओजी (SOG) समेत कुल चार टीमें गठित की गई है। पुलिस टीमें यूपी के 6 जिलों और पड़ोसी 2 राज्यों में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुनीत मिश्र से पूछताछ के आधार पर विवेक चौबे के संभावित ठिकानों और हत्याकांड के पूरे नेटवर्क का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article