Varanasi News : वाराणसी में डीएवी कॉलेज का ग्राउंड आज सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां पर बदमाशों ने 62 वर्षीय क्रिकेट कोच रामलाल यादव उर्फ दादा को गोली मार दी। पेट के ऊपरी भाग में गोली लगने के कारण वे उसी जगह गश खाकर गिर पड़े। लहूलुहान हालत में पड़े रामलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत बेहद गंभीर बताई है। ग्राउंड में सुबह-सुबह ही गोली चलने के कारण आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया है।
मॉर्निंग वॉक के समय वारदात
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, डीएवी कॉलेज के ग्राउंड में जिस समय ये वारदात हुई उस समय क्रिकेट कोच रामलाल वहां पर मॉर्निंग वॉक करने के लिए पहुंचे थे। उसी समय ये सभी बदमाश बाइक से पहुंचे और उन पर गोलियों की बौछार कर दी। पुलिस का कहना है कि घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
क्या है पूरा मामला
कबीरचौरा निवासी राम लाल यादव उर्फ दादा डीएवी कॉलेज में क्रिकेट कोच हैं। रोज की तरह सोमवार की भी सुबह साढ़े पांच बजे वे मॉर्निंग वॉक करने के लिए पहुंचे हुए थे। वहां पर दो बदमाश पहले से ही घात लगाए हुए थे। जैसे ही रामलाल उस स्थान पर पहुंचे तो उन दोनों बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। गोली रामलाल के पेट के ऊपरी हिस्से में लगी जिसके कारण लहूलुहान होकर वे उसी जगह गिर पड़े। लोगों ने देखते ही तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी और थोड़ी ही देर में ग्राउंड में काफी भीड़ इकट्ठा हो गई।
असलहा लहराते हुए फरार हुए बदमाश
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश असलहा लहराते हुए कॉलेज के गेट से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और रामलाल के स्वजन को सूचना दी। इसके बाद क्रिकेट कोच को लेकर उनके स्वजन अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। पुलिस का कहना है पूरी घटना की जांच जारी है और कारण भी स्पष्ट नहीं है। सीसीटीवी कैमरे देखकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जाएगी।
