Ghazipur News: जमीन और संपत्ति के लिए आज के समय में लोग अपने को भी नहीं छोड़ते हैं। जमीन-जायदाद के लिए लोग अपने परिवार के खुन से प्यासे हो जाते हैं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने माता-पिता और बहन की हत्या कर दी वो भी एक जमीन के टुकड़े की लालच में। हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया और आरोपी की तलाश की जा रही है।
कुल्हाड़ी से उतारा परिवार को मौत के घाट
पुलिस अधिकारी ने मृतकों की पहचान शिवराम यादव (65), जमुनी देवी (60) और कुसुम देवी (36) के रूप में की है। बताया जा रहा है कि शिवराम यादव के बेटे ने जमीन के टुकड़े के लिए अपने पिता, मां और बहन की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या की है। जिले के पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के डीलिया गांव में अभय यादव नामक व्यक्ति ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है।
बहन को मिलने वाली जमीन ने नाराज होकर भाई ने हत्या
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि अभय अपने माता-पिता द्वारा छोटी बहन कुसुम को जमीन का एक हिस्सा देने से नाराज था। इसी को लेकर उसने दोपहर में तीनों की कुल्हाड़ी से प्रहार करके हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी भाग गया। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीम बनाई गई हैं। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे गये हैं।
(इनपुट - भाषा)
