Varanasi News: "I Love Mohammad" को लेकर चल रहा विवाद अब हिंसक होता जा रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बरेली में हालात तनावपूर्ण हो गए, जब भीड़ ने नियंत्रण खो दिया। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
धार्मिक नगरी वाराणसी में पुलिस पूरी तरह से सतर्क नजर आ रही है। खासकर काशी विश्वनाथ मंदिर और इसके आसपास के इलाकों को सुरक्षा की दृष्टि से छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जमीन पर ही नहीं, ड्रोन के जरिए आसमान से भी निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और आईपीएस स्तर के अधिकारी लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं।
हिंदू संगठनों ने भी संभाला मोर्चा
एडीसीपी टी. सरवन के नेतृत्व में शाम को पुलिस ने पैदल मार्च किया। चौक, दालमंडी, बुलानाला और गोदौलिया जैसे प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती और पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। अगर कोई भड़काऊ पोस्ट करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। विवाद के खिलाफ हिंदू संगठनों ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
I Love Mahadev का पोस्टर
संतों के बाद अब हनुमान सेना ने सक्रिय भूमिका ली है। संगठन ने चौक थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें प्रदर्शन की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में कहा कि नवरात्रि के शुभ अवसर पर कुछ लोग जानबूझकर साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर "I Love Mohammad" को लेकर भड़काऊ पोस्ट वायरल की जा रही हैं। इसके विरोध में हनुमान सेना ने शनिवार को गंगा आरती के दौरान "I Love Mahadev" के पोस्टर के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है।
