शहर

Delhi Pollution: दिल्ली में AQI 246 तक पहुंचा, जहांगीरपुरी सबसे प्रदूषित इलाका, यमुना में दिखा जहरीला झाग

दिल्ली में सोमवार सुबह 7 बजे AQI 164 दर्ज हुआ, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में है। जहांगीरपुरी में सबसे अधिक 246 AQI रहा, जबकि पांच निगरानी केंद्रों पर हवा ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज हुई। इस बीच, कालिंदी कुंज के पास यमुना में जहरीला सफेद झाग फिर दिखाई दिया।

Image

दिल्ली में AQI 164 दर्ज, हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में

Photo : ANI

Delhi Air Pollution: राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 164 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 7 बजे दिल्ली की हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। हालांकि, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में पहुंच गया। इस बीच, दिल्ली-NCR में प्रदूषण की दोहरी चुनौती सामने आई है। एक ओर हवा की गुणवत्ता बिगड़ रही है, तो दूसरी ओर कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी में जहरीला सफेद झाग फिर दिखाई दिया है।

जहांगीरपुरी में AQI 246, पांच स्टेशन ‘खराब’ श्रेणी में

CPCB के निगरानी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 60 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 55 से आंकड़े उपलब्ध थे। इनमें 30 केंद्रों पर PM2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। दिल्ली में सबसे प्रदूषित हवा जहांगीरपुरी में रही। यहां सबसे अधिक 246 AQI दर्ज किया गया। इसके बाद विवेक विहार में 235, CRRI मथुरा रोड पर 231, पंजाबी बाग में 225 और आरके पुरम में 223 AQI दर्ज हुआ। इन पांचों केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही। जहांगीरपुरी, विवेक विहार, पंजाबी बाग और आरके पुरम में PM2.5 प्रमुख प्रदूषक था, जबकि CRRI मथुरा रोड पर PM10 प्रमुख प्रदूषक रहा।

दिल्ली-NCR में प्रदूषण रोकने के लिए GRAP-1 लागू

दिल्ली-NCR में प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 21 अक्टूबर को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू किया था। इसके तहत होटल, रेस्तरां और खुले में भोजन परोसने वाली जगहों के तंदूर में कोयले और लकड़ी के इस्तेमाल पर रोक है। वहीं, डीजल जनरेटर का इस्तेमाल आवश्यक या आपातकालीन परिस्थितियों तक सीमित किया गया है। रविवार को दिल्ली-NCR का समग्र AQI 168 दर्ज किया गया था। क्षेत्र के अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर AQI में अंतर देखने को मिला। श्रीनिवासपुरी स्थित पीजीडीएवी कॉलेज में यह करीब 110 था, जबकि कई अन्य केंद्रों पर स्तर 118 से 180 से अधिक के बीच रहा।

कालिंदी कुंज के पास यमुना में फिर दिखा सफेद झाग

दिल्ली में वायु प्रदूषण के साथ यमुना नदी में प्रदूषण की समस्या भी सामने आई है। कालिंदी कुंज के पास नदी की सतह पर जहरीले सफेद झाग की मोटी परत दिखाई दी। सामने आए विजुअल में पानी पर बड़े हिस्से में सफेद झाग तैरता नजर आया। यमुना में झाग की वापसी ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नदी को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की सराहना की थी। उन्होंने करीब 9,000 करोड़ रुपये के मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के उद्घाटन को दिल्लीवासियों के लिए खुशी का दिन बताया था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article