शहर

फिरोजाबाद में टेसू-झांझी विसर्जन जुलूस को कार ने रौंदा, चार लोगों की मौत, ड्राइवर हिरासत में

फिरोजाबाद में टेसू-झांझी विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत और आठ लोग घायल हुए।

Image

फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसा (सांकेतिक फोटो)

Firozabad Accident News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां टेसू-झांझी विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जिला प्रशासन ने घायल लोगों के इलाज की व्यवस्था शुरू कर दी है। पुलिस ने हादसे में शामिल कार जब्त कर ड्राइवर और उसमें सवार अन्य लोगों को हिरासत में लिया है।

सड़क किनारे समूह में जा रहे थे ग्रामीण

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों का एक समूह टेसू-झांझी विसर्जन के लिए जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की जान चली गई और आठ लोग घायल हो गए। जिलाधिकारी के मुताबिक, घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन जरूरी इंतजाम कर रहा है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। शुरुआती जानकारी में कार चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशासन मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर मृतकों के परिवारों के लिए आर्थिक मदद दिलाने का अनुरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के इलाज और आगे की जरूरी सहायता के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। टेसू-झांझी उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, कानपुर, इटावा, उरई और झांसी समेत कई क्षेत्रों में मनाया जाने वाला पारंपरिक लोक उत्सव है

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article