Jio Platforms IPO Allotment Status: रिलायंस जियो के IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों का इंतजार आज खत्म हो सकता है। सोमवार, 26 अक्टूबर को Jio Platforms IPO का अलॉटमेंट फाइनल होने की संभावना है।
₹30,213 करोड़ के इस IPO को आखिरी दिन तक 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। खास बात यह है कि इश्यू के लिए 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए, जो IPO बाजार में एक रिकॉर्ड है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि कितने रिटेल निवेशकों को शेयर मिलेंगे और अपना अलॉटमेंट स्टेटस कहां चेक करना होगा?
रिटेल निवेशकों को कितने शेयर मिलेंगे?
जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO में रिटेल निवेशकों ने जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई। हालांकि, रिटेल कैटेगरी में शेयरों की मांग उपलब्ध शेयरों से ज्यादा होने के कारण सभी निवेशकों को अलॉटमेंट मिलने की संभावना नहीं है।
एक IPO ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के आवेदन-आधारित आंकड़ों के मुताबिक, रिटेल कैटेगरी में करीब 1.006 करोड़ आवेदन आए, जबकि इस कैटेगरी में लगभग 70.86 लाख लॉट यानी 8,50,37,326 शेयर उपलब्ध थे। इस हिसाब से करीब 70.86 लाख रिटेल आवेदकों को एक लॉट मिलने की संभावना बनती है।
यानी मोटे तौर पर हर 10 में से करीब 7 आवेदकों को शेयर मिल सकते हैं। यह एक अनुमान है, अंतिम अलॉटमेंट नहीं। जियो IPO में एक लॉट में 12 शेयर थे। ₹1,119 के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट के लिए ₹13,428 लगाने जरूरी थे।
Jio Platforms IPO को कितना मिला सब्सक्रिप्शन?
23 अक्टूबर को बोली बंद होने तक IPO को सभी निवेशक कैटेगरी से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की कैटेगरी सबसे आगे रही QIB में कुल 70.55 गुना सब्सक्रिप्शन हुआ। इसके बाद नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) ने 14 गुना और रिटेल कैटेगरी में 2.72 गुना सब्सक्रिप्शन देखने को मिला।
वहीं, रिलायंस समूह के कर्मचारियों की कैटेगरी में 2.93 गुना और रिलायंस के शेयरहोल्डर्स की कैटेगरी में 7.60 गुना सब्सक्रिप्शन हुआ। इस तरह सभी कैटेगरी में मिलाकर कुल पब्लिक सब्सक्रिप्शन
22.19 गुना तक पहुंच गया।
Jio IPO Allotment Status: PAN से ऐसे चेक करें
निवेशक रजिस्ट्रार KFin Technologies की वेबसाइट पर PAN नंबर, एप्लिकेशन नंबर या उपलब्ध अन्य पहचान विवरण के जरिए अपना अलॉटमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं।
स्टेटस चेक करने का तरीका
डायरेक्ट लिंक: https://ipostatus.kfintech.com/
1. KFin Technologies की आधिकारिक वेबसाइट खोलें।
2. कंपनी की सूची में Jio Platforms Limited चुनें। अलॉटमेंट फाइनल होने से पहले कंपनी का नाम दिखाई देना जरूरी नहीं है।
3. PAN Number या Application Number का विकल्प चुनें।
4. अपना संबंधित विवरण भरें।
5. Submit पर क्लिक करें। स्क्रीन पर आपको अलॉटमेंट से जुड़ी जानकारी मिल जाएगी।
अगर अभी स्टेटस दिखाई नहीं देता है, तो कुछ समय बाद दोबारा कोशिश करें। अलॉटमेंट के नतीजे उपलब्ध होने में समय लग सकता है।
BSE और NSE पर भी मिलेगा अलॉटमेंट स्टेटस
अगर KFin Technologies की वेबसाइट पर जानकारी नहीं मिल रही है, तो निवेशक स्टॉक एक्सचेंज की वेबसाइट पर भी जांच कर सकते हैं।
BSE की वेबसाइट पर IPO आवेदन स्टेटस वाले सेक्शन में जाएं। इश्यू के नाम में Jio Platforms Limited चुनें और मांगी गई जानकारी भरकर स्टेटस देखें।
NSE की वेबसाइट पर ‘Equity & SME IPO bid details’ विकल्प चुनें। इसके बाद Jio Platforms या उपलब्ध संबंधित सिंबल चुनकर अपना PAN या एप्लिकेशन नंबर दर्ज करें। जरूरी विवरण भरने के बाद Submit करें।
कब आएंगे आपके खाते में शेयर?
जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को फाइनल होने की संभावना है। जिन आवेदकों को शेयर अलॉट होंगे उनके Demat खाते में शेयर 27 अक्टूबर को शेयर क्रेडिट होने की संभावना है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनकी रकम 27 अक्टूबर को अनब्लॉक की जा सकती है। इसके बाद 28 अक्टूबर, 2026 को शेयर एक्सचेंज पर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे।
