स्पोर्ट्स

राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप: भारत की महिला और पुरुष टीमों की जीत का सिलसिला जारी

Commonwealth Kabaddi Championship: भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप में अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को महिला वर्ग में युगांडा को 41-18 से और पुरुष वर्ग में मलेशिया को 37-23 से हराया। पुरुष वर्ग में भारत ने मलेशिया को 14 अंकों से हराकर 37-23 से जीत दर्ज की।

Image

भारतीय पुरुष और महिला टीमों का कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में जीत का सिलसिला जारी (X/Jaipurpinkpanthers)

भारत ने राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को महिला वर्ग में युगांडा को 41-18 से और पुरुष वर्ग में मलेशिया को 37-23 से हराया। महिला वर्ग के मुकाबले में भारतीय टीम ने युगांडा को 23 अंकों के अंतर से हराया। कप्तान निधि शर्मा ने नौ अंक जुटाकर टीम की अगुवाई की, जबकि साक्षी ने आठ और अनु ने सात अंक का योगदान दिया।

भारत ने इस मुकाबले में 25 रेड अंक, 11 टैकल अंक और ऑलआउट से चार अंक हासिल किए। पुरुष वर्ग में भारत ने मलेशिया को 14 अंकों से हराकर 37-23 से जीत दर्ज की। नीरज नरवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार बोनस अंक सहित कुल 13 अंक जुटाए। भरत ने छह रेड अंक, आदित्य शिंदे ने पांच और नवीन कुमार ने तीन रेड अंक हासिल किए।

इससे पहले कनाडा ने ऑस्ट्रेलिया को 74-28 से करारी शिकस्त देकर ग्रुप बी अंक तालिका में अपना खाता खोला। कनाडा टूर्नामेंट में एक मैच में 70 से अधिक अंक हासिल करने वाली पहली पुरुष टीम बन गई। कनाडा के लिए अनमोल ठाकुर और मनप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः 18 और 15 अंक जुटाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से दिवजोत सिंह ने 11 अंक हासिल किए।

दिन के पहले मुकाबले में एकतरफा जीत के बाद श्रीलंका और युगांडा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। श्रीलंका ने शानदार वापसी करते हुए युगांडा पर 36-34 से रोमांचक जीत दर्ज की। इसके साथ ही श्रीलंका ने लगातार तीसरी जीत के साथ अपना अजेय अभियान जारी रखा। चतुरंगा ने 11 अंक जुटाए, जबकि युगांडा के डगलस मुलालिरा ने आठ अंक हासिल किए।

दिन के तीसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने नाइजीरिया पर 68-18 से आसान जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने ऑलआउट से 10 अंक हासिल किए और नाइजीरिया को मुकाबले में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। महिला वर्ग में नाइजीरिया ने टूर्नामेंट में अपनी पहली ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सिंगापुर को 43-20 से हराया। यह सिंगापुर की महिला टीम की लगातार तीसरी हार थी। वहीं श्रीलंका की महिला टीम ने इंग्लैंड को 65-16 से रौंद दिया।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article