वाराणसी

UP: कुशीनगर में धर्मांतरण गैंग का खुलासा, युवती को फंसा कर धर्म परिवर्तन कराने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार

UP: यूपी के कुशीनगर जिले में युवती को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 2 महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी हिंदू महिलाओं को निशाना बनाते थे और उन्हें लालच देकर उनका धर्मांतरण करवाते थे।

Image

कुशीनगर में धर्मांतरण गैंग का खुलासा (फोटो - Canva)

UP: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक युवती को लालच देकर उसका धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने रविवार को बताया कि तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के महुआ बुजुर्ग गांव के सुनील वर्मा ने पडरौना कोतवाली में दी गयी शिकायत में आरोप लगाया था कि लालच देकर धर्मांतरण कराने वाले एक गिरोह के सदस्य उसकी 19 वर्षीय बेटी को अमृतसर से कुशीनगर लाये और प्रलोभन देकर उसका धर्म परिवर्तन करा लिया। उसके बाद उसका अपहरण कर लिया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया और जांच करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

धर्मांतरण गिरोह के आठ लोग गिरफ्तार

अधिकारी ने बताया कि वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी की कोशिश शुरू की थी। शनिवार देर रात पुलिस, साइबर प्रकोष्ठ और स्वाट की संयुक्त टीम ने कथित पीड़िता को सकुशल मुक्त कराते हुए दो महिलाओं समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया।

हिंदू युवतियों को बनाते थे निशाना

मिश्रा के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो हिन्दू युवतियों को निशाना बनाता है। इस प्रकरण में भी इस युवती पर उनकी कई वर्षों से नजर थी और बहला-फुसलाकर एवं प्रलोभन देकर उसका धर्म परिवर्तित करा दिया। उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना तौफीक अंसारी पीड़िता के अश्लील वीडियो और धर्म परिवर्तन की रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल परिजनों को ब्लैकमेल करने के लिए करता था। महिला अभियुक्तों कैसर जहां और फातिमा ने पीड़िता को इस्लामिक सामग्री दिखाकर उसे बरगलाने में मदद की। घटना में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गये अभियुक्तों में तौफीक अंसारी और कैसर जहां तथा फातिमा के अलावा आशिक अंसारी, इम्तियाज, साहब अंसारी, जीशान कमर और मजहर शामिल हैं। उनके पास दो आधार कार्ड, 11 सिम कार्ड और नौ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article