Ballia Accident: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक सड़क हादसे में एक सात वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों को मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से टक्कर के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले के सहतवार-बांसडीह मार्ग पर सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क पार कर रही एक महिला से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सड़क पार कर रही पूनम (30) और मोटरसाइकिल सवार परी (सात) की मौत हो गई जबकि मोटरसाइकिल चला रहे परी के पिता और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया
पुलिस ने बताया कि रेवती थाना क्षेत्र के तुलसी छपरा गांव निवासी कन्हैया यादव अपनी बेटी परी व पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से बलिया की ओर जा रहे थे, तभी रघुनाथपुर गांव के समीप पूनम मुख्य सड़क को पार कर रही थी। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पूनम को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर पलट गई।
इस हादसे में पूनम व मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पूनम और परी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार कन्हैया व उसकी पत्नी को मऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
(इनपुट - भाषा)
