सूरत के अमरोली इलाके में घरेलू विवाद के दौरान 22 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर अपने 55 वर्षीय पिता की हत्या कर दी। घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अमरोली के कोसाड आवास में हुई। घर के कामकाज को लेकर पिता और बेटी के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान पिता ने बेटी का मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।
पुलिस के मुताबिक, गुस्से में आई बेटी ने पहले प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता के सिर पर वार किया और फिर रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से उनके पेट पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता घर के बाहर ओटले के पास गिर पड़े। परिजनों ने 108 एंबुलेंस को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल फेंकने के बाद बढ़ा विवाद
मृतक की पत्नी मंजुबेन उर्फ चंपाबेन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। FIR के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात परिवार घर पर मौजूद था। इसी दौरान रमेश सिंह कैलाससिंह राजपूत और उनकी बेटी काजल उर्फ विक्रम के बीच घरेलू कामकाज को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान पिता ने गुस्से में बेटी के हाथ से मोबाइल फोन लेकर नीचे फेंक दिया। इससे नाराज होकर काजल ने पिता के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद उसने घर से प्रेशर कुकर का ढक्कन और चाकू उठाया। आरोप है कि उसने ढक्कन से पिता के सिर पर और चाकू से पेट पर वार किया।हमले के बाद रमेश सिंह घर से बाहर भागे और ओटले के पास गिर पड़े। उनके शरीर से खून बह रहा था और वह बेहोश हो गए थे। परिवार ने 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नॉनस्टिक पैन से सिर पर हमला करने की बात: ACP
इंचार्ज ACP एल डिवीजन पार्थ चौवटीया ने बताया कि अमरोली पुलिस स्टेशन की सीमा में स्थित कोसाड आवास एच-5 में यह घटना हुई। पिता ने घर के कामकाज को लेकर बेटी को डांटा था। इसके बाद बेटी ने आवेश में आकर पहले नॉनस्टिक पैन से और फिर घर में इस्तेमाल होने वाले चाकू से पिता पर हमला किया। ACP के मुताबिक, आरोपी बेटी काजल को गिरफ्तार कर लिया गया है और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।
आरोपी बेटी गिरफ्तार, जांच जारी
अमरोली पुलिस स्टेशन के PI जे.बी. वणर ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार में हुए विवाद के दौरान पिता ने बेटी का मोबाइल फोन फेंक दिया था। इसी बात के बाद मामला बढ़ गया और पिता पर हमला किया गया। पुलिस ने काजल उर्फ विक्रम रमेशसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
