राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। 85 वर्षीय पवार को खांसी और सांस लेने के दौरान होने वाले सीने के दर्द (प्ल्यूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शरद पवार की बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता को खांसी की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। वहां उनके मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। सुप्रिया सुले ने कहा कि उनके सभी स्वास्थ्य संबंधी पैरामीटर सामान्य और स्थिर हैं।
एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे पवार
रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी डॉ. पुरवेज के. ग्रांट ने भी शरद पवार की सेहत को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि प्ल्यूरिटिक पेन की शिकायत के बाद पवार को सामान्य स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एहतियात के तौर पर उन्हें कुछ समय तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।क्या होता है प्ल्यूरिटिक पेन?
बता दें कि प्ल्यूरिटिक पेन एक तरह का सीने का दर्द है, जो आमतौर पर सांस लेने, खांसने या छींकने के दौरान बढ़ जाता है। इस तरह का दर्द फेफड़ों के आसपास मौजूद झिल्ली में सूजन या जलन के कारण हो सकता है।
तीन दिनों से सूखाग्रस्त इलाकों के दौरे पर थे शरद पवार
शरद पवार पिछले तीन दिनों से महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे थे। इस दौरान वह प्रभावित क्षेत्रों में हालात का जायजा ले रहे थे। दौरे के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पुणे के अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं।
