Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के सबसे पुराने और घनी आबादी वाले व्यापारिक क्षेत्र दालमंडी में आज सोमवार की सुबह एक बार फिर प्रशासन का पीला पंजा पूरी ताकत से गरजा। इलाके के सुंदरीकरण और सड़क चौड़ीकरण के अभियान के तहत वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA), लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम की संयुक्त टीम ने तड़के सुबह ही ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कड़े सुरक्षा घेरे के बीच आज सुबह 6 बजे शुरू हुए इस बड़े एक्शन में प्रशासन ने सड़क बाधा बन रहे और जर्जर हो चुके 6 और भवनों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। इसके पहले, कल भी यहाँ इसी अभियान के तहत 14 मकान तोड़े गए थे।
अब तक 150 मकानों पर एक्शन, आसमान से ड्रोन रख रहा नजर
दालमंडी को नया स्वरूप देने का यह अभियान पिछले कुछ महीनों से लगातार रह-रह कर चल रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सुंदरीकरण की राह आसान करने के लिए अब तक लगभग 150 छोटे-बड़े अवैध और जर्जर मकानों को पूरी तरह ध्वस्त किया जा चुका है। चूंकि दालमंडी बेहद संकरी और संवेदनशील गली है, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए थे। जगह-जगह भारी संख्या में सिविल पुलिस के जवानों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स (अर्धसैनिक बल) को तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति या अफवाह को रोकने के लिए पूरे इलाके की निगरानी आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए की जा रही है।
कल 'स्टे' वाले 20 मकान छोड़े गए अछूते
गौरतलब है कि दालमंडी क्षेत्र के कुछ स्थानीय निवासियों ने इस चौड़ीकरण अभियान के खिलाफ माननीय हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने क्षेत्र के 20 विशिष्ट मकानों पर किसी भी प्रकार की दंडात्मक या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी थी। वाराणसी प्रशासन ने अदालत के इस आदेश का पूरा सम्मान करते हुए उन 20 'स्टे' वाले मकानों को पूरी तरह से अछूता छोड़ दिया है और वहां किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की जा रही है। कानूनी दायरे से बाहर और सड़क की जद में आने वाले शेष मकानों पर ही कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- TMC नेता जहांगीर खान को पुलिस ने फिर शॉर्ट्स में घुमाया, कान पकड़कर हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखे 'पुष्पा'
जून के अंत तक सड़क चौड़ी करने का है कड़ा 'टारगेट'
वीडीए और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दालमंडी रोड चौड़ीकरण के इस महा-अभियान के अंतर्गत मुख्य ध्वस्तीकरण के कार्य को जून के आखिरी सप्ताह तक हर हाल में खत्म करने का कड़ा और अंतिम लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी समय सीमा को ध्यान में रखते हुए काम की रफ्तार को अब चौगुनी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे को तुरंत हटाकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। आने वाले दिनों में बचे हुए चिन्हित जर्जर और अवैध हिस्सों पर भी कार्रवाई इसी तरह तेज रहेगी।
