शहर

Vadodara News: पहचान छिपाई, शादी का झांसा दिया और..., युवती के साथ डेढ़ साल तक दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

Vadodara News: वडोदरा में एक युवती को कथित तौर पर झूठी पहचान और शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने खुद को 'समीर उस्मान' बताया और युवती के साथ अलग-अलग जगहों पर संबंध बनाए, इस दौरान उसके दो बार गर्भवती होने और गर्भपात कराने का भी आरोप है।

Image

वडोदरा में पहचान छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप (प्रतीकात्मक फोटो)

Vadodara News: वडोदरा में अपनी पहचान छिपाकर एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप सामने आया है। गोट्री पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के मुताबिक, जमीन के कारोबार से जुड़े सुनील महीडा ने कथित तौर पर खुद को ‘समीर उस्मानमियां’ बताया और युवती के साथ संबंध बनाए। शिकायत में यह भी आरोप है कि युवती दो बार गर्भवती हुई और दोनों बार उसका गर्भपात कराया गया। फिलहाल युवती फिर से गर्भवती है। शिकायत के अनुसार, सुनील ने ‘समीर उस्मान’ नाम से आधार कार्ड भी बनवाया था। युवती से पहचान होने के बाद उसने शादी का वादा किया और उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में अकोटा, गोट्री और भायली इलाके की होटलों का भी जिक्र है।

युवती दो बार गर्भवती हुई

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवती दो बार गर्भवती हुई और दोनों मौकों पर उसका गर्भपात कराया गया। अब युवती के फिर गर्भवती होने की बात सामने आई है। युवती ने आरोप लगाया है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के वकील जुनैद सैयद ने आरोप लगाया कि सुनील पिछले करीब डेढ़ साल से युवती के संपर्क में था और शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाता रहा। वकील के मुताबिक, बाद में युवती को पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। वकील ने यह भी दावा किया कि आरोपी ने खुद को ‘रिपब्लिकन पार्टी’ का अध्यक्ष बताते हुए अपने प्रभाव का हवाला दिया और युवती तथा उसके परिवार को धमकाया। इन दावों की भी पुलिस जांच कर रही है।

अलग-अलग पुलिस स्टेशनों के चक्कर लगाने का दावा

पीड़िता के वकील के मुताबिक, शिकायत दर्ज कराने के लिए युवती को तालुका, गोट्री और अकोटा पुलिस स्टेशन जाना पड़ा। वकील का दावा है कि शुरुआत में शिकायत दर्ज नहीं की गई और बाद में पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद गोट्री पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज हुई। वकील ने कहा कि पुलिस कमिश्नर नरसिंह कोमल के निर्देश के बाद जोन के DCP और ACP को मामले की जांच तथा तत्काल FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

आरोपी गिरफ्तार, दो दिन का रिमांड

शिकायत दर्ज होने के बाद गोट्री पुलिस ने सुनील महीडा को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पांच दिन का रिमांड मांगा था। अदालत ने आरोपी को दो दिन का रिमांड दिया। इंचार्ज ACP, D Division सी.बी. सोलंकी के मुताबिक, शिकायत में आरोपी द्वारा 'समीर उस्मान' नाम से पहचान दस्तावेज तैयार करने और उसका इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने कथित आधार कार्ड की फोटो कॉपी भी पुलिस को दी है। इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कथित तौर पर बनाए गए पहचान दस्तावेज वास्तव में आरोपी ने तैयार किए थे या नहीं, वह युवती के संपर्क में कितने समय से था और शिकायत में लगाए गए दुष्कर्म, गर्भपात, धमकी तथा अन्य आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल सुनील महीडा पुलिस रिमांड पर है और गोट्री पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य आरोपों की जांच कर रही है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article