Uttarakhand Weather: देहरादून मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बेहद तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 9 अगस्त के लिए बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट रखा गया है। 9 अगस्त को राज्य के अन्य पर्वतीय इलाकों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। इसके अलावा देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को यहां होगी भारी से बहुत भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 10 अगस्त यानी सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक और अत्यंत तेज बारिश की स्थिति बन सकती है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और गिरने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश
बिगड़ते मौसम को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और 24×7 अलर्ट मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। विभागों को जरूरी मशीनरी, संसाधन और सुरक्षा उपकरण तैयार रखने को कहा गया है, ताकि बारिश के कारण सड़कें बंद होने पर उन्हें जल्द से जल्द खोला जा सके। अधिकारियों और कर्मचारियों को मौसम की स्थिति सामान्य होने तक मोबाइल फोन चालू रखने तथा जरूरी सुरक्षा उपकरण अपने साथ रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी आपदा या अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) को देने को कहा गया है।
लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ उत्तराखंड पहुंचने वाले पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान नदियों, नालों और बरसाती धाराओं के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा जलभराव वाले क्षेत्रों और कमजोर पुलों को पार न करने तथा पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले रास्तों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम ज्यादा खराब होने की स्थिति में यात्रा टालना ही सुरक्षित विकल्प बताया गया है।
