Uttarakhand News: दिल्ली में सरकारी दफ्तरों को लगातार मिल रही बम से उड़ाने की धमकियों के बीच अब उत्तराखंड में भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। देहरादून स्थित SDM ऑफिस की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक संदिग्ध धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियों ने राज्य के कई संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
किसने भेजा धमकी भरा ई-मेल?
मिली जानकारी के मुताबिक, ई-मेल में मसूरी नगर पालिका परिषद को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा हरिद्वार, ऋषिकेश, Kedarnath, बदरीनाथ के साथ ही रेलवे स्टेशनों और कई अन्य अहम सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों का भी उल्लेख किया गया है। कथित तौर पर यह ई-मेल 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी इस ई-मेल की प्रामाणिकता और वास्तविक स्रोत की पुष्टि में जुटी हुई हैं।
ई-मेल से मचा हड़कंप, पुलिस बल तैनात
इस धमकी भरे ई-मेल में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। ई-मेल मिलने के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी शुरू कर दी है। संवेदनशील इलाकों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi News: बारापुला फेस-3 का काम लगभग पूरा, इसी साल दिवाली पर हो सकता है उद्घाटन
संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही खास नजर
पुलिस और खुफिया एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और अन्य प्रमुख संस्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर खास नजर रखी जा रही है। लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना बिना किसी देरी के पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - सावधान! Delhi Dehradun Expressway पर संभलकर, चलती गाड़ियों पर पत्थर मार रहे स्थानीय बच्चे
साइबर सेल भी ई-मेल की जांच में जुटी
वहीं, साइबर सेल ई-मेल के तकनीकी विश्लेषण में जुट गई है। जांच अधिकारी ई-मेल हेडर, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सुबूतों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ई-मेल किस स्थान और किस व्यक्ति या समूह द्वारा भेजा गया है। इस पूरे मामले पर देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
