शहर

Dehradun Accident: देहरादून-हरिद्वार हाईवे भीषण हादसा, कई वाहनों की भिंड़त के बाद लगी आग, एक महिला की मौत

देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली और बस की टक्कर होने एक के बाद एक कई वाहन आपस में भिड़ गए, जिससे उनमें आग लग गई। हादसे में 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए।

Image

देहरादून में कई वाहनों की भिंड़त से भीषण हादसा

Dehradun Accident News: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर रायवाला क्षेत्र में एक भीषण हादसा हो गया। जहां एक ट्रैक्टर ट्रॉली और एक बस की टक्कर होने के बाद, उनके पीछे मौजूद कई वाहन एक दूसरे से टकरा गए। जिसके बाद उनमें आग लग गयी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गयी और 15 लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि हादसा रविवार देर रात होटल गॉडविन के सामने मोतीचूर फ्लाई ओवर पर हुआ, जहां रायवाला से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस ने एक टैक्टर ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद, एक स्कार्पियो बस से टकरा गई और उसके बाद एक-एक करके दो अन्य वाहन भी टकरा गए। पुलिस ने बताया कि वाहनों की टक्कर से संभवत: स्कार्पियो के सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया और आग लग गयी, जिसकी चपेट में आने से अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

आग लगने के बाद मची अफरातफरी

आग लगने के बाद दुर्घटना स्थल पर धुएं का गुबार छा गया और अफरा-तफरी मच गयी। लोग वाहनों से उतरकर बाहर की ओर भागने लगे। इस बीच, दुर्घटना स्थल पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के दौरान एक महिला ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद की रहने वाली कुसुम (30) के रूप में हुई है। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली सवार 15 अन्य व्यक्ति घायल भी हुए, जिन्हें पुलिस व दमकल कर्मियों द्वारा हरिद्वार के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे के कारण राजमार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और कई घंटों की मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद ही यातायात सुचारु हो पाया। सभी पीड़ित उत्तर प्रदेश के बिजनौर और नजीबाबाद के रहने वाले थे जो देहरादून में झंडा मेले में भाग लेने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे। घायलों में चार महिलाएं और 12 वर्ष से कम उम्र के सात बच्चे भी शामिल है। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक कासिफ (23) भी घायल हुआ, जो मुजफफरनगर के शामली का रहने वाला है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article