Ram Mandir Trust Meeting Live: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद खड़ा हुआ विवाद अब चरम पर पहुंच गया है। इस महासंकट के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक बेहद अहम और निर्णायक बैठक राम जन्मभूमि परिसर के अतिथिगृह (Guest House) में आयोजित की गई।
इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर अंतिम मुहर लगने, एसआईटी (SIT) की जांच की समीक्षा और मंदिर के नए प्रशासनिक ढांचे को लेकर बड़े फैसले होने की संभावना है।
LIVE UPDATES: अब तक क्या-क्या हुआ?
चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफा का प्रस्ताव रखा जा चुका है। वहीं, अयोध्या डीएम के अधिकार में बढ़ोतरी भी हो सकती है।
- श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता करने के लिए राम मंदिर के लिए रवाना हुए।
-श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेन्द्र दास महाराज, मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मामले पर ट्रस्ट की बैठक के लिए राम मंदिर पहुंचे।
राम मंदिर परिसर पहुंचे कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि
-ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष (Treasurer) स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज राम मंदिर परिसर पहुंच चुके हैं। मंदिर रवाना होने से ठीक पहले उन्होंने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ एक संक्षिप्त चर्चा की। बैठक में वे ही चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा समिति के सामने रखेंगे।
विहिप (VHP) नेताओं के साथ बंद कमरे में हुई गुप्त बैठक
-मुख्य बैठक से ठीक पहले अयोध्या में कूटनीतिक हलचल तेज देखी गई। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि के आवास पर एक 'बंद कमरे में' हाई-लेवल मीटिंग हुई। इस गुप्त चर्चा में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के महासचिव बजरंग बागड़ा, केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य दिनेश कुमार और ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन शामिल हुए। विहिप नेताओं ने मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया है।
सुरक्षा कारणों से बदला गया वेन्यू, राम पथ पर सन्नाटा
-सुरक्षा और संवेदनशीलता को देखते हुए बैठक की जगह में ऐन वक्त पर बदलाव किया गया। पहले यह बैठक मणि रामदास छावनी में होनी थी, लेकिन अब इसे राम मंदिर परिसर के सुरक्षित अतिथिगृह में शिफ्ट कर दिया गया है। राम मंदिर की ओर जाने वाले 'राम पथ' पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त है। मीडिया और निजी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
इस पाप से बहुत आहत हूं... महंत नृत्य गोपाल दास ने तोड़ी चुप्पी
बैठक शुरू होने से ठीक पहले ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज ने इस पूरे मामले पर पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। लखनऊ के मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अयोध्या में मौजूद महंत जी ने एक बेहद कड़ा और भावुक बयान जारी किया।
महंत नृत्य गोपाल दास का बयान, 'मैं मंदिर में हुई इस घटना (चढ़ावा चोरी) से बेहद आहत और दुखी हूं। यह करोड़ों हिंदुओं की अनन्य आस्था का प्रश्न है, इस पर किसी को भी अपने निजी लाभ के लिए राजनीति नहीं करनी चाहिए। मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है कि वे इस 'पाप' में शामिल हर एक दोषी को पहचान कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे।'
आज की बैठक के 4 सबसे बड़े एजेंडे
चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला: विवादों में घिरे महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर विचार होगा। ट्रस्ट के नियमों के अनुसार इस्तीफा स्वीकार करने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।
वर्चुअल जुड़ेंगे बड़े अधिकारी: केंद्र सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे और यूपी गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद इस बैठक में दिल्ली और लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। हालांकि, निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा इस बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं।
SIT जांच की समीक्षा और बरामद फुटेज: 13 जून को गठित एसआईटी ने जो सीसीटीवी फुटेज रिकवर किए हैं (जिसमें आरोपी बैग में पैसे छुपाते दिख रहे हैं), उस पर कानूनी विमर्श होगा। अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
नए चेहरों की नियुक्ति: यदि चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार होता है, तो उनकी जगह ट्रस्ट के नए महासचिव या अस्थाई प्रशासनिक अधिकारी (CEO) के नाम की घोषणा आज ही की जा सकती है।
अयोध्या के साधु-संत और स्थानीय निवासी इस वक्त टकटकी लगाए राम मंदिर परिसर के बाहर फैसले का इंतजार कर रहे हैं। बैठक से जुड़ी हर बड़ी अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ...
