पिछले कुछ वर्षों में देश के अंदर सड़कों का कायाकल्प हुआ है, जो अब भी जारी है। जहां भी जाओ चौड़ी-चौड़ी गड्ढा मुक्त सड़कें रफ्तार को बढ़ा देती हैं। एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे के बढ़ते नेटवर्क के चलते अब देश के एक कोने से दूसरे हिस्से तक जाना आसान हो गया है। ऐसे ही एक और प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है, जो हरिद्वार तक आपकी यात्रा को आसान बनाने के साथ ही रफ्तार भी देगा। बता दें कि यहां दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की बात नहीं हो रही है।
मेरठ-हरिद्वार नेशनल हाईवे
जी हां, बात उत्तर प्रदेश में मेरठ-हरिद्वार नेशनल हाईवे (NH-58) की हो रही है। NH-58 पर मुजफ्फरनगर बाईपास की शुरुआत में 6 लेन फ्लाईओवर के साथ ही उसके सहायक मार्गों का निर्माण कार्य भी किया जाएगा। इसके अलावा मौजूदा 4 लेन राजमार्ग को 6 लेन चौड़ा करने के लिए 419.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इस परियोजना का उद्देश्य ग्रेड जंक्शनों पर मुजफ्फरनगर शहर में एंट्री और यहां से निकलने वाले वाहनों के कारण वेहलना चौक के पास होने वाली रुकावटों को दूर करना है। ताकि यहां पर यातायात के प्रवाह को सुगम बनाया जा सके।
सुरक्षित और आसान होगी आवाजाही
इस परियोजना के तहत प्रमुख चौराहों पर ग्रेट सेपरेटेड संरचनाएं, जंक्शनों का सुधार, क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं का चौड़ीकरण और सुरक्षित व कुशल क्रॉसिंग सुनिश्चित करने के लिए स्लिप रोड का निर्माण भी शामिल है। इसका मतलब यह है कि इस परियोजना का काम पूरा हो जाने पर मेरठ-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर आवाजाही और आसान और सुरक्षित हो जाएगी। इसके साथ ही यह रिबन विकास (Ribbon Development) को भी बढ़ावा देता है।
रोड एक्सीडेंट में आएगी कमी
यह परियोजना दुर्घटना संभावित स्थानों या ब्लैक स्पॉट पर वाहन अंडरपास (VUP) की सुविधा भी प्रदान करेगी। परियोजना का निर्माण कार्य पूरा होने से इन दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने इस प्रोजेक्ट के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया, जिसे NHAI ने री-पोस्ट किया है।
