शहर

Raebareli News: सपा-ABVP झड़प के बाद लाठीचार्ज, विधायक राहुल लोधी चोटिल, अखिलेश का सरकार पर बड़ा हमला

Raebareli News: रायबरेली एसपी ऑफिस के बाहर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में तीखी झड़प हुई। सपा विधायक राहुल लोधी के साथ अभद्रता और लाठीचार्ज पर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, वहीं मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पलटवार किया है।

Image

सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में हुई तीखी झड़प

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय परिसर के बाहर गुरुवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब समाजवादी पार्टी और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग में सपा विधायक राहुल लोधी सहित कई सपा कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है।

कॉलेज से शुरू हुआ विवाद, SP दफ्तर तक पहुंचा

पूरे विवाद की शुरुआत फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में सपा छात्र सभा और ABVP के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प से हुई। इसके बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी शिकायतें लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और दफ्तर के बाहर आमने-सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी और सपा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और मारपीट की।

अखिलेश यादव का सरकार और पुलिस पर करारा हमला

घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया। अखिलेश ने लिखा कि "रायबरेली में PDA समाज पर किया गया ये प्रहार बेहद अपमानजनक एवं निंदनीय है। हम सपा छात्र सभा के सभी सदस्यों की सराहना करते हैं कि भाजपा सरकार की पुलिस के दमन के बावजूद भी छात्रों के बीच जागरूकता फैलाने में वे सब पूरी तरह सफल रहे। इससे भाजपा सरकार की पुलिस की हिंसक प्रवृत्ति भी सामने आ गई, ये सब देखकर भी पीडीए समाज में एक नई चेतना जागी है कि जब पीडीए समाज अपनी सरकार बनाएगा तभी बदलाव आएगा।

‘पीडीए’ पर किया गया हर वार-प्रहार

मिलके बनाएगा अपनी पीडीए सरकार"

'यूपी पुलिस जून में जनवरी का अहसास करा देती है'- मंत्री दिनेश सिंह

दूसरी तरफ, योगी सरकार में राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सपा जिलाध्यक्ष और पुलिस के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। प्रदर्शन के दौरान शहर कोतवाल और सपा जिलाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसमें आपस में 'चूड़ी पहनाने' को लेकर बयानबाजी हुई थी। इसी वीडियो को पोस्ट करते हुए मंत्री दिनेश सिंह ने लिखा यूपी पुलिस है, जून में भी जनवरी का अहसास करवा देती है। मंत्री ने सपा नेताओं के आचरण पर तंज कसते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई बिल्कुल सही है। फिलहाल रायबरेली में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article