यूपी में आज का मौसम (18 March 2026): उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से कभी धूप तो कभी बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। जिसके चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। ऐसे में कभी मौसम सुहावना हो जा रहा है, तो कभी तेज गर्मी परेशान कर रही है। हालांकि यूपी में फिलहाल बारिश पर ब्रेक लगा हुआ है। लेकिन एक बार फिर बारिश का कमबैक होने वाला है। अगले 24 घंटे बाद राज्य में मौसम रुख बदलने वाला है। जिसके बाद यूपी के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश वाला मौसम देखने को मिल सकता है। जिससे तापमान में भी कमी आने की संभावना है। साथ ही गर्मी से भी राहत मिलेगी।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में आज मौसम साफ रहने वाला है। दिन में तेज धूप निकली रहेगी। दिन का पारा करीब 35 डिग्री और रात का तापमान 19 डिग्री के करीब दर्ज किया जा सकता है। आज प्रदेश में कहीं भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 24 घंटे बाद यूपी के मौसम में बदलाव होने वाला है। 19 से 22 मार्च के बीच यूपी के कई हिस्सों में तेज हवाओं संग बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। बारिश और सर्द हवाओं के चलते तापमान में 5-7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
यूपी में 24 घंटे बाद बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार 19 मार्च को पश्चिमी यूपी के 23 जिलों में बारिश संग बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और संभल शामिल है। वहीं 18 जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 21 मार्च तक बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। 22 मार्च को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। वहीं 23 मार्च से यूपी का मौसम एक बार फिर सामान्य हो जाएगा।
यूपी का सबसे गर्म जिला
यूपी में बीते 24 घंटे के दौरान कहीं भी बारिश देखने को नहीं मिली। सभी जिलों में मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। जिससे तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मंगलवार को यूप का सबसे गर्म जिला चुर्क रहा, जहां का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद बांदा में 36.6 डिग्री सेल्सियस और ओरई में 36.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
