शहर

UP में 20 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर, ए. सतीश गणेश को बड़ी जिम्मेदारी; कई जिलों के बदले कप्तान

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने 20 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर करते हुए कई जिलों के कप्तान बदल दिए हैं।

Image

सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो-Myyogiadiyanat)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को फिर से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईपीएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस लिस्ट में कई जिलों के कप्तान शामिल हैं। ट्रांसफर लिस्ट में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। जौनपुर, बस्ती, बलिया, गाजीपुर, बाराबंकी, मऊ, जालौन, बागपत और हापुड़ समेत कई जिलों में पुलिस कप्तान बदले गए हैं। इसमें ए. सतीश गणेश को ADG यातायात एवं सड़क सुरक्षा लखनऊ बनाया गया है।

तबादले के तहत यशवीर सिंह को बस्ती से जौनपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पीएसी मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। इसी तरह ओमवीर सिंह को बलिया से बस्ती का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है और बलिया की कमान ईरज राजा को सौंपी गई है। रवीना त्यागी को बाराबंकी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।

कुंवर ज्ञानंजय सिंह को हापुड़ के एसपी पद से हटाकर प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है। कमलेश बहादुर को मऊ का एसपी बनाया गया है जबकि मऊ के एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर भेजा गया है। गाजीपुर के एसपी ईरज राजा को बलिया की जिम्मेदारी दी गई है। सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा चिराग जैन को आजमगढ़ ग्रामीण से बरेली नगर का एसपी बनाया गया है जबकि मानुष पारीक को बरेली नगर से आजमगढ़ नगर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

संजय कुमार को मुजफ्फरनगर एसएसपी पद से हटाकर 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज में सेनानायक की जिम्मेदारी दी गई है। वरिष्ठ स्तर पर भी बदलाव किया गया है। ए. सतीश गणेश से अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध का अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा के पद पर रखा गया है। वहीं भगवान एस. श्रीवास्तव को तकनीकी सेवाओं के साथ अपराध विभाग के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है।

सूची में आलोक राज नारायण को हरदोई में सहायक पुलिस अधीक्षक से अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा बनाया गया है। वहीं पूर्णेंदु सिंह को बागपत का पुलिस अधीक्षक, मधुवन कुमार सिंह को हापुड़ का एसपी और सुरेश चंद्र रावत को जालौन का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article