Brij Bhushan Sharan Singh Death Threat: भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष व बाहुबली पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके बेटे व गोंडा सदर से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान के अलवर से आई एक अज्ञात धमकी भरी फोन कॉल के बाद से ही गोंडा सहित उत्तर प्रदेश के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस गंभीर मामले की शिकायत मिलते ही स्थानीय पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए जाल बिछा दिया है।
'खुद को बचा सकते हो तो बचा लो'- फोन पर मिली सीधी धमकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरी कॉल दो दिन पहले विधायक प्रतीक भूषण सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर आई थी। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को राजस्थान के अलवर जिले का निवासी 'संदीप शर्मा' बताया।
कॉल करने वाले आरोपी ने बेहद आक्रामक लहजे में सीधे तौर पर विधायक और उनके पिता को निशाना बनाने की बात कही। आरोपी ने फोन पर कहा, 'बाप-बेटे (बृजभूषण शरण सिंह और प्रतीक भूषण सिंह) को जान से मारने का पूरा इंतजाम हो चुका है, अगर खुद को बचा सकते हो तो बचा लो।'
विधायक प्रतिनिधि ने दर्ज कराई शिकायत
इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने तत्काल नगर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि पूर्व सांसद और विधायक का परिवार पहले भी कई बार आपराधिक और असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहा है। ऐसे में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि और उनके परिवार को खुलेआम इस तरह की धमकी देना सुरक्षा के लिहाज से एक बेहद गंभीर विषय है।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
धमकी की सूचना पर तत्काल एक्शन में आते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शुरुआती सर्विलांस जांच में वह मोबाइल नंबर राजस्थान के अलवर का ही पाया गया है। आरोपी संदीप शर्मा को जल्द से जल्द दबोचा जा सके, इसके प्रयास जारी हैं। फिलहाल, पूर्व सांसद के आवास और विधायक की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
