शहर

डेढ़ करोड़ की लूट की साजिश का खुलासा, कर्ज चुकाने के लिए रची थी वारदात; नोएडा पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की बीटा 2 थाना पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट पर हुई 1 करोड़ 30 लाख रुपये की सोना-चांदी की सनसनीखेज लूट का सफल खुलासा कर दिया है। 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल और 5 पुलिस टीमों की मेहनत के बाद 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

ग्रेटर नोएडा में 1.30 करोड़ की सोना-चांदी लूट का खुलासा

Photo : Times Now Digital

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 थाना क्षेत्र में हुई करोड़ से अधिक की सोना-चांदी लूट कांड का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल 5 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 635 ग्राम सोना और करीब 12 किलो से ज्यादा चांदी बरामद की है। बरामद किए गए आभूषणों और चांदी के बिस्किटों की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है।

यह घटना 2 अगस्त को सुबह करीब 4:30 बजे की है, जब दिल्ली के मशहूर चांदनी चौक से कुछ लोग आभूषणों की डिलीवरी देने आगरा जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट के पास पहुंची, बदमाशों ने उन्हें घेरकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नरेट ने 5 विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने इलाके के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच गई।

वारदात का मास्टरमाइंड निकला कमलकांत

डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने बताया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड कमलकांत है, जो पीड़ित सराफा व्यापारी का जानकार था। कमलकांत को फ़ाइनेंस कंपनी के कारोबार में करीब 1 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ था और उस पर रिश्तेदारों व बाजार का काफी कर्ज था। कर्ज के दबाव से निकलने के लिए उसने व्यापारी की पूरी रेकी की और अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

बरामद हुई चीजें

पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के हार, मंगलसूत्र, पेंडेंट, अंगूठियां, लॉकेट, झुमकी और चांदी के बिस्किट बरामद किए हैं। डीसीपी के अनुसार, चूंकि बरामद संपत्ति की कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक है, इसलिए इस पूरे मामले की जानकारी और वित्तीय जांच के लिए इनकम टैक्स (आयकर विभाग) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी आधिकारिक पत्र लिखा जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article