शहर

UP Election 2027 : BSP में बन रही उम्मीदवारों की लिस्ट, सतीश मिश्र को 'बहनजी' ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी; ब्राह्मण वोट बैंक साधने का प्लान

UP Assembly Election 2027: बसपा सुप्रीमो मायावती ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा को अहम जिम्मेदारी सौंपी है और ब्राह्मण समाज को जोड़ने का ऐलान किया है।

Image

मायावती ने सतीश चंद्र मिश्र को सौंपी निर्वाचन आयोग संबंधी कार्यों की भी महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी

UP Assembly Election 2027: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां जारी हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण समाज को भी बसपा से खासतौर से जोड़ने का इरादा जाहिर करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्र को अहम जिम्मेदारी देने का ऐलान किया। मायावती ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बसपा के जनाधार को सर्वसमाज में बढ़ाने के साथ-साथ पार्टी उम्मीदवारों के चयन व उनके नामों की पार्टी के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में घोषणा करने की प्रक्रिया जारी है, जिसे लेकर विरोधी पार्टियों में काफी बेचैनी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ’’समाज के सभी वर्गों खासकर ब्राह्मण समाज को पार्टी में उनकी भूमिका और बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की तैयारी के साथ साथ पार्टी के उम्मीदवारों के चयन और विधानसभा स्तर के कार्यकर्ता सम्मेलनों में उनके नामों की घोषणा की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा, ’’पार्टी ने जब से यह प्रक्रिया शुरू की है तब से विरोधी पार्टियों में इसे लेकर चर्चा व चिंताएं दोनों होना स्पष्ट हैं। इनके हथकंडों से बहुजन समाज के लोगों को लगातार सजग व सतर्क रहने की जरूरत है।

निर्वाचन आयोग संबंधी कार्यों की भी महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी

मायावती ने पोस्ट में आगे कहा कि इसी सिलसिले में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री सतीश चंद्र मिश्र को पार्टी द्वारा ’कानूनी और मीडिया’ के साथ-साथ अब निर्वाचन आयोग संबंधी कार्यों की भी महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपी गयी है और खासकर आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान कई मायने में उनकी अहम भूमिका रहेगी। मायावती ने यह निर्णय पिछले हफ्ते सतीश चंद्र मिश्र के रिश्तेदार पूर्व मंत्री अनन्त मिश्र उर्फ अंटू मिश्र को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में दल से निष्कासित किये जाने के बाद लिया है।

मायावती की पार्टी ने वर्ष 2007 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहली बार स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनायी थी और उस समय पार्टी की कामयाबी का श्रेय दल की ’सोशल इंजीनियरिंग’ को दिया गया था। कभी ’तिलक, तराजू और तलवार, इनको मारो जूते चार’ का नारा देने वाली बसपा ने वर्ष 2007 में ब्राह्मण समाज को भी अपने साथ जोड़ा था और उसे पहली बार स्पष्ट बहुमत मिला था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article