शहर

भाजपा सरकार में 'बिहारी' होना ही सबसे बड़ा अपराध और देशद्रोह बोले तेजस्वी यादव

राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, 'क्या इन भाजपाइयों में किसी में हिम्मत है कि एक गरीब मेहनतकश बिहारी की हत्या करने वाले उस हत्यारे पुलिसकर्मी को सजा दिलवा सके?'

Image

राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव (फाइल फोटो :PTI)

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को घेरते हुए कहा इस सरकार में 'बिहारी होना' ही सबसे बड़ा अपराध और देशद्रोह है।यादव ने कहा कि खगड़िया निवासी 23 वर्षीय युवक पांडव कुमार की दिल्ली में सिर्फ इसलिए गोली मार कर हत्या कर दी गई क्योंकि वह ’बिहारी’ था और 'बिहारी होने के अपराध' में ही उसका दोस्त कृष्ण जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर तंज कसते हुए लिखा, ' देश की राजधानी दिल्ली में जिस जगह 'बिहारी' समझ कर गोली मारी गई है वहां निगम पार्षद भाजपा का, विधायक भाजपा का, सांसद भाजपा का, मुख्यमंत्री भाजपा का, बिहार मुख्यमंत्री भाजपा का, उपराज्यपाल भाजपा के, गृहमंत्री भाजपा के, प्रधानमंत्री भाजपा के है। भाजपा बिहारियों के लिए काल बन चुकी है।'

यादव ने कहा, 'क्या इन भाजपाइयों में किसी में हिम्मत है कि एक गरीब मेहनतकश बिहारी की हत्या करने वाले उस हत्यारे पुलिसकर्मी को सजा दिलवा सके?' उन्होंने कहा कि नीतीश-भाजपा की खराब नीतियों के कारण बिहारवासियों को मजबूरन दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है, और दूसरे राज्यों की भाजपा सरकार और प्रशासन मेहनतकश बिहारियों को सम्मान नहीं बल्कि शक, नफरत और हीनभावना की नजर से देखती है।

'प्रवासी बिहारी प्रताड़ना के शिकार होते हैं'

उन्होंने कहा कि हर बार बिहार के लोगों पर अत्याचार होता है, प्रवासी बिहारी प्रताड़ना के शिकार होते हैं। यादव ने जल्द मामले की गहनता से जांच करवाकर दोषियों पर कारवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

वहीं इससे पहले बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद नेता तेजस्वी (Tejashwi Yadav) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भरोसा जताया है कि इस बार भी बंगाल की जनता ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को ही दोबारा सत्ता में लाएगी। तेजस्वी यादव हाल ही में पश्चिम बंगाल के दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात की और उनका मूड समझने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जनता में 'दीदी' यानी ममता बनर्जी के लिए काफी समर्थन देखने को मिला। लोगों का मानना है कि राज्य में विकास और स्थिरता के लिए उनका नेतृत्व जरूरी है।

'जनता का समर्थन साफ तौर पर टीएमसी के पक्ष में'

उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस यानी TMC इस चुनाव में जीत दर्ज करेगी। तेजस्वी यादव के मुताबिक, लोगों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वे ममता बनर्जी को फिर से मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन साफ तौर पर टीएमसी के पक्ष में दिखाई दे रहा है। चुनाव प्रक्रिया की बात करें तो पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण का मतदान पहले ही हो चुका है, जबकि दूसरा और अंतिम चरण 29 अप्रैल को होना है। इस चरण में बड़ी संख्या में सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे, जिनका सभी को इंतजार है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article