UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को एक बड़ा राजनीतिक ऐलान कर दिया। उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि अयोध्या से समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी कौन होगा।
अखिलेश यादव ने सपा नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन के दौरान इशारों-इशारों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अयोध्या से पवन पांडे के नाम का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि पवन पांडे अयोध्या सीट से चुनाव जीतने जा रहे हैं।
पवन पांडे ने खुद की पुष्टि
टाइम्स नाउ नवभारत के अभय के साथ बातचीत में पवन पांडे ने मुस्कुराते हुए परोक्ष जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने वक्तव्य में कहा- पवन पांडे अयोध्या से जीत रहे हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के बयान के बाद मुझे प्रत्याशी के तौर पर देखा जा रहा है।
बता दें कि अखिलेश यादव के बयान के बाद पवन पांडे के नाम की चौतरफा चर्चा हो रही है। हालांकि, सपा ने अभी आधिकारिक तौर पर नाम का ऐलान नहीं किया है, लेकिन सपा अध्यक्ष के बयान को पार्टी की 2027 की चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
कौन हैं पवन पांडे?
पवन पांडे का असल नाम तेज नारायण पांडे हैं और वह 2012 में अयोध्या सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। छात्र राजनीति से उभरकर सामने आए पवन पांडे को अखिलेश यादव का सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता है और वह अखिलेश की कोर टीम में भी रह चुके हैं। हालांकि, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें निराशा ही हाथ लगी। इसके बावजूद, अखिलेश यादव ने आगामी चुनाव में उन पर भरोसा जताने का फैसला किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मैं आत्ममंथन करूंगा...इस कुर्सी के काबिल हूं या नहीं! सपा विधायकों के आचरण से आहत हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना
अयोध्या सीट उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक है और इस सीट पर भगवान राम का ऐतिहासिक मंदिर स्थित है, जो पिछले कुछ समय से दान चोरी मामले को लेकर चर्चा के केंद्र में बना हुआ है। हालांकि, राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एसआईटी जांच कराई, लेकिन विपक्ष लगातार केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर हमलावर नजर आ रही है। सनद रहे कि अयोध्या जिले में अयोध्या सीट के अलावा चार और सीटें भी हैं, जिनमें दरियाबाद, मिल्कीपुर, बीकापुर और रुदौली शामिल हैं। हालांकि, जिले की सबसे अहम सीट अयोध्या ही है।
