शहर

Trains Cancelled: मालदा में टला बड़ा रेल हादसा! न्यू फरक्का में धंसी जमीन, वंदे भारत-दार्जिलिंग मेल समेत 25 से ज्यादा ट्रेनें रद्द; देखें लिस्ट

Bengal Route Trains Cancelled: पश्चिम बंगाल के मालदा डिवीजन में न्यू फरक्का स्टेशन के पास अचानक जमीन धंसने के कारण रेल पटरियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। इस घटना के बाद पूर्वी रेलवे ने एहतियात के तौर पर वंदे भारत और शताब्दी एक्सप्रेस समेत 4 और 5 सितंबर को चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द कर दिया है।

Image

न्यू फरक्का में जमीन धंसने से थमे ट्रेनों के पहिए

Photo : ANI

Bengal Route Trains Cancelled: पश्चिम बंगाल में रेल यात्रियों के लिए एक बेहद राहत छीनने वाली खबर सामने आई है। मालदा रेल डिवीजन के अंतर्गत आने वाले न्यू फरक्का स्टेशन के करीब अचानक जमीन धंसने की गंभीर घटना घटी है। रेलवे ट्रैक के आसपास मिट्टी खिसकने से हादसों की आशंका बढ़ गई थी, जिसके चलते पूर्वी रेलवे ने सतर्कता बरतते हुए 4 और 5 सितंबर को चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है।

पूर्वी रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मरम्मत का काम तेजी से पूरा करने के लिए यह कड़ा कदम उठाया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में सामान्य सवारी गाड़ियों से लेकर प्रीमियम श्रेणी की ट्रेनें भी शामिल हैं, जिससे उत्तर बंगाल, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों से कोलकाता और हावड़ा की ओर यात्रा करने वाले हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।

4 सितंबर की रद्द ट्रेनें

4 सितंबर को रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस, कटिहार-हावड़ा एक्सप्रेस, बालुरघाट-सियालदह एक्सप्रेस और सहरसा-सियालदह हाटे बाजारे एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा दार्जिलिंग मेल, पदतिक एक्सप्रेस, कंचनकन्या एक्सप्रेस और गोमतीनगर-मालदा टाउन अमृत भारत एक्सप्रेस के फेरे भी रद्द रखे गए हैं।

5 सितंबर की रद्द ट्रेनें

वहीं, 5 सितंबर के लिए भी रेलवे ने सतर्कता जारी रखी है। इस दिन हावड़ा सरायघाट एक्सप्रेस, उत्तरबंग एक्सप्रेस, तीस्ता तोरसा एक्सप्रेस, कुलिक एक्सप्रेस, तेभागा एक्सप्रेस, जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस और मालदा टाउन-हावड़ा इंटरसिटी जैसी ट्रेनें पटरी पर नहीं दौड़ेंगी। कई पैसेंजर और मेमू (MEMU) सेवाओं को भी पूरी तरह रोक दिया गया है।

अचानक इतनी बड़ी संख्या में गाड़ियों के रद्द होने से स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। हालांकि, रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे की तकनीकी टीमें मौके पर मुस्तैद हैं और धंसी हुई जगह की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द रूट को सुरक्षित बनाकर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य की जा सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article