शहर

Uttarakhand: आज से मसूरी में यूं ही नहीं मिलेगी एंट्री, घर से निकलने से पहले जान लें ये नियम

Uttarakhand: उत्तराखंड के पर्यटन विभाग ने भारी भीड़ देखते हुए मसूरी में प्रवेश के लिए आज से एक नया नियम लागू किया है। इस नियम के अनुसार, पर्यटकों को मसूरी आने से पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। बताया जा रहा है कि यह फैसला पर्यटकों की बढ़ती संख्या और ट्रैफिक को देखते हुए लिया गया है।

Uttarakhand: उत्तराखंड के मसूरी जाने के लिए अब लोगों को रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक है। उत्तराखंड के पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने इस बारे में बताया और कहा कि आज यानी 1 अगस्त से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मसूरी जाने वाले यात्रियों को पर्यटन विभाग के पंजीकरण पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू होने से अब पर्यटकों की संख्या का सही से आकलन किया जा पाएगा। इतना ही नहीं इसके माध्यम से मसूरी घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा सकेगी। मसूरी के बाद उत्तराखंड के अन्य पर्यटन स्थलों के लिए भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जाएगी।

मसूरी में घूमने के लिए अब करनी होगी रजिस्ट्रेशन

मिली जानकारी के अनुसार, पर्यटन विभाग की वेबसाइट से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आधार कार्ड के माध्यम से पूरी की जाएगी। इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। अब मसूरी के सभी प्रवेश द्वार पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे भी लगाए जाएंगे, यहां से गुजरने वाले वाहनों की निगरानी की जा सकेगी। बता दें कि हर साल 20 लाख से अधिक लोग मसूरी घूमने आते हैं। ये फैसला पर्यटन विभाग ने भारी भीड़ और ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए लिया है।

साथ ही आपको यह भी बता दें कि रजिस्ट्रेशन कंपलसरी नहीं है। गर्ब्याल ने कहा कि इसे शुरुआती समय में लचीला रखा है। लोगों के साथ-साथ होटल, होम स्टे, धर्मशाला वाले भी अपने गेस्ट के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। बता दें कि 2022 और 2024 में पर्यटकों की संख्या दोगुनी हो गई। इसे देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। इसी स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

होटल भी कर सकेंगे गेस्ट के लिए रजिस्ट्रेशन

बताया जा रहा है कि होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और इस प्रकार की सुविधा देने वालों को पोर्टल पर खुद को रजिस्टर करना होगा। होटल चेक-इन और चेक आउट के साथ होटल में कितने कमरे खाली है और मेहमानों की जानकारी इस पोर्टल पर देनी होगी, जिससे होटलों की रियल-टाइम जानकारी मिलती रहेगी। साथ ही होटल भी अपने गेस्ट के लिए डायरेक्ट रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

क्या मसूरी से आगे जाने वाले पर्यटकों को भी करना होगा रजिस्ट्रेशन?

बता दें कि केदरानाथ-बदरीनाथ जाने वाले श्रद्धालु देहरादून से मसूरी होते हुए आगे जाते हैं। इस स्थिति में सबसे महत्वपूर्ण सवाल ये उठता है कि क्या उन लोगों को भी रजिस्ट्रेशन करना होगा। तो इस गर्ब्याल ने बताया कि उन लोगों के एक तय समय पर छूट दी जाएगी। उनका कहना है की ऐसे यात्रियों को सुबह के समय कुछ घंटों की छूट दी जाएगी, जिसमें वह मसूरी के रास्ते आगे जा सकते हैं। उसक तय समय के बीतने के बाद यात्रियों को विकासनगर से होते हुए आगे जाना होगा। इसके अलावा जो यात्री दिन में घूमने के पर्पस से मसूरी पहुंचते हैं यानी वहां रात नहीं रुकते हैं उन के लिए भी एक अलग व्यवस्था करने की तैयारी की जा रही है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article