शहर

जेब खाली करने को रहें तैयार, इन 68 टोल प्लाजा पर 1 अप्रैल से बढ़ जाएगा टोल टैक्स

एक अप्रैल से इस दक्षिण भारतीय राज्य में 60 नेशनल और 8 स्टेट हाईवे टोल प्लाजा पर 3 से 5 फीसद तक टोल शुल्क बढ़ेगा। इससे परिवहन लागत बढ़ेगी और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में इजाफा हो सकता है। कारों पर 5 रुपये और भारी वाहनों पर 15-40 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आम जनता पर दबाव आना लाजिमी है।

Image

तमिलनाडु के 68 टोल प्लाजा पर 1 अप्रैल से बढ़ जाएगा टोल

देश में लंबी दूरी की यात्रा के लिए नेशनल हाईवे का जाल बिछाया गया है। अच्छी और तेज रफ्तार सड़कों पर सफर करने के बदले आपको टोल टैक्स भी चुकाना पड़ता है। इसी तरह हर राज्य में स्टेट हाईवे भी होते हैं, जिनकी देख-रेख राज्य सरकार करती है और वहां पर टोल टैक्स की वसूली करती है। देश के एक राज्य में आगामी 1 अप्रैल से नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स बढ़ने जा रहा है। टोल टैक्स में यह बढ़ोतरी एक-दो नहीं बल्कि पूरी 68 हाईवे पर होगी। चलिए जानते हैं।

तमिलनाडु में 1 अप्रैल से नेशनल और स्टेट हाईवे पर टोल दरों में 3 से 5 फीसद तक की बढ़ोतरी होने जा रही है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ सकता है। इस बढ़ोतरी के चलते आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की अधिसूचना के अनुसार, तमिलनाडु के 60 नेशनल हाईवे टोल प्लाजा और 8 स्टेट हाईवे टोल प्लाजा पर 1 अप्रैल से नए शुल्क लागू हो जाएंगे। ये टोल प्लाजा चेन्नई–कन्याकुमारी, तिरुचिरापल्ली–सलेम और सालेम–कोयंबटूर जैसे प्रमुख मार्गों पर मौजूद हैं। वहीं, वंडलूर–मिंजूर आउटर रिंग रोड, मदुरै रिंग रोड और ईस्ट कोस्ट रोड के टोल भी इसमें शामिल हैं।

नई दरों के तहत कार और जीप के लिए टोल दरों में लगभग 5 रुपये की बढ़ोतरी होगी, जबकि बसों और भारी वाहनों को हर एंट्री-एग्जिट पर 15 से 40 रुपये तक ज्यादा भुगतान करना होगा। परिवहन लागत बढ़ने से व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, जिसका असर सीधे उपभोक्ताओं तक भी पहुंचेगा।

हालांकि, बेंगलुरु बाईपास के मदुरावोयल–वालाजहापेट मार्ग पर स्थित नेमिली और चेन्नासमुद्रम टोल प्लाजा पर दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, क्योंकि यहां छह-लेन का काम अभी अधूरा है। आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु के टोल कलेक्शन में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। 2022-23 में जहां यह 3,758.23 करोड़ रुपये था, वहीं 2023-34 में बढ़कर 4157.96 करोड़ हो गया और 2024-25 में यह बढ़कर 4,300 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

सरकार द्वारा 3,000 रुपये का वार्षिक टोल पास भी शुरू किया गया है, जिससे निजी वाहनों को 200 यात्राओं तक छूट मिलती है। अधिकारियों का मानना है कि इससे भविष्य में टोल कलेक्शन स्थिर हो सकता है। वहीं, ट्रक मालिक संघ ने भारी वाहनों के लिए भी वार्षिक पास लागू करने की मांग की है, जिससे जाम और लागत दोनों में कमी आ सके।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article