शहर

बहराइच: काल बनकर परिवार पर गिरी दीवार, तीन बच्चों की मौत; मां-बाप की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक मकान की जर्जर दीवार गिरने से मलबे के नीचे दबकर तीन बच्चों की मौत हो गई, दंपति गंभीर रूप से घायल हो गये।

Image

बहराइच में दीवार गिरने से 3 की मौत

Photo : BCCL

बहराइच: जिले के रामगांव थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के छत पर सो रहे कुछ लोगों पर पड़ोस के मकान की जर्जर दीवार गिर गयी, जिसके नीचे दबकर तीन बच्चों की मौत हो गयी और दंपति गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रामगांव थाना प्रभारी शशि कुमार राणा ने बताया कि रामगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर माफी गांव में रहने वाले रहीस अपनी पत्नी, बच्चों और 10 वर्षीय भांजे इमरान के साथ मंगलवार रात मकान की छत पर सो रहा था।

सोते समय हुआ हादसा

उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के करीब चार बजे पड़ोसी मोहम्मद हुसैन के घर की जर्जर दीवार छत पर सो रहे परिवार के ऊपर गिर गयी और सभी मलबे में दब गए। अधिकारी ने बताया कि गांववालों की मदद से सभी को मलबे से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रहीस के पुत्र गुफरान (पांच), पुत्री मिसबा (तीन) और भांजे इमरान (10) की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल रहीस (35) व उनकी पत्नी शरीफुन निशा (30) का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जिस मकान की दीवार गिरी, वह काफी पुराना व क्षतिग्रस्त है।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article