शहर

'ट्रंप रोड' पर सियासी संग्राम! हैदराबाद में सड़क नामकरण को लेकर आमने-सामने BJP-कांग्रेस

बीजेपी नेता रामचंद्र राव ने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस की विदेशी ताकतों के प्रति गुलाम मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ मोदी सरकार भारतीय नायकों के नाम पर सड़कों और स्थानों के नाम रख रही है और मुगल/ब्रिटिश आक्रमणकारियों के प्रतीकों को हटा रही है,

Image

तेलंगाना के रेवंत रेड्डी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

हैदराबाद : तेलंगाना सरकार अगले सप्ताह यानी 23 जून को हैदराबाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर एक सड़क का उद्घाटन करने जा रही है। अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (American Consulate) के पास स्थित इस सड़क को 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' नाम दिया गया है। रेवंत रेड्डी सरकार के इस फैसले पर राज्य भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोहरी मानसिकता का सबूत बताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में राव ने कहा कि जो 'विपक्ष के नेता' (LoP) हर दिन यह झूठ फैलाते हैं कि 'मोदी ने समझौता कर लिया और अमेरिका के सामने आत्मसमर्पण कर दिया', वे अब पूरी तरह खामोश हैं, क्योंकि उन्हीं की पार्टी की तेलंगाना सरकार हैदराबाद में एक सड़क का नाम अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर रख रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी की शब्दावली में इसे रेवंत रेड्डी का आत्मसमर्पण और समझौता कहा जाना चाहिए।

गुलामी की मानसिकता का आरोप

रामचंद्र राव ने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस की विदेशी ताकतों के प्रति "गुलाम मानसिकता" को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ मोदी सरकार भारतीय नायकों के नाम पर सड़कों और स्थानों के नाम रख रही है और मुगल/ब्रिटिश आक्रमणकारियों के प्रतीकों को हटा रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस एक बार फिर विदेशी नामों का महिमामंडन कर रही है। यह भाजपा और कांग्रेस के बीच सांस्कृतिक अंतर को स्पष्ट करता है।"

सरकार का तर्क

बता दें कि तेलंगाना सरकार ने पिछले साल दिसंबर में घोषणा की थी कि अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास की सड़क का नाम 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' रखा जाएगा। इसके अलावा, सरकार ने भविष्य में बनने वाली ग्रीनफील्ड रेडियल सड़क का नाम उद्योगपति रतन टाटा के सम्मान में रखने और गूगल के वैश्विक योगदान को मान्यता देने के लिए एक प्रमुख सड़क को 'गूगल स्ट्रीट' नाम देने का भी निर्णय लिया है।

रेवंत रेड्डी सरकार का कहना है कि दुनिया के प्रसिद्ध व्यक्तियों और कंपनियों के नाम पर सड़कों का नामकरण करने का उद्देश्य राज्य को 'नवाचार-संचालित विकास' (innovation-driven development) के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article