शहर

INDIA ब्लॉक की रैली के बाद दिल्ली पुलिस का एक्शन, 22 प्रदर्शनकारियों पर FIR; जंतर-मंतर कूच का था प्लान

दिल्ली में INDIA ब्लॉक की रैली के बाद जंतर-मंतर की ओर मार्च निकालने की कोशिश करने वाले 22 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। मिंटो रोड पर पुलिस ने मार्च रोककर सभी को हिरासत में लिया था।

Image

दिल्ली में INDIA ब्लॉक की रैली (फाइल फोटो-Rahul Gandhi)

दिल्ली : दिल्ली में INDIA ब्लॉक की रैली के बाद पुलिस ने 22 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इन लोगों को रविवार को रामलीला मैदान से जंतर-मंतर की ओर मार्च निकालने की कोशिश के दौरान हिरासत में लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने निर्धारित अनुमति के दायरे से बाहर जाकर मार्च निकालने का प्रयास किया था।

दरअसल, INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की थी। इस दौरान चुनाव आयोग के कामकाज और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध जताया गया। पुलिस के अनुसार, रैली के आयोजन के लिए अनुमति ली गई थी, लेकिन वहां से जंतर-मंतर की ओर मार्च निकालने की अनुमति नहीं थी।

मिंटो रोड पर पुलिस ने रोका मार्च

पुलिस के मुताबिक, रैली में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान था। शाम करीब 5 बजे दिशा स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन और रिवोल्यूशनरी वर्कर्स पार्टी ऑफ इंडिया (RWPI) के सदस्यों ने जंतर-मंतर की ओर मार्च निकालने की कोशिश की। इस दौरान दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने मिंटो रोड पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।

पुलिस ने मौके से 22 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। बाद में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई। हिरासत में लिए गए लोगों को दो बसों में बैठाकर द्वारका सेक्टर-23 और जाफरपुर कलां थाने ले जाया गया।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं

पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर अब प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल नहीं है। ऐसे में रामलीला मैदान में रैली की अनुमति मिलने का मतलब वहां से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की अनुमति मिलना नहीं था। इसी वजह से पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मिंटो रोड पर ही रोक दिया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article