Tehri Road Accident (उत्तराखंड टिहरी रोड एक्सीडेंट): उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में आज यानी गुरुवार 23 अप्रैल को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां के चंबा ब्लॉक में नैल के पास चंबा-कोटी रोड पर एक गाड़ी 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस सड़क हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी DH बौराड़ी लाया गया और उनका इलाज किया जा रहा है। बताया गया है कि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। तुरंत युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। टिहरी गढ़वाल की DM निकिता खंडेलवाल, टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय और SSP स्वेता चौबे भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। यह सभी राहत और बचाव कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी अरेंजमेंट करें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट X पर अपने पोस्ट में लिखा, 'ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। बाबा केदार से घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।' बता दें कि उत्तराखंड में अभी चार धाम यात्रा भी चल रही है। इस दौरान पहाड़ों में गाड़ियों की आवाजाही भी काफी ज्यादा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
इस दर्दनाक सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
