मडगांव : नीट पेपर लीक के बाद छात्र काफी परेशान हैं। इसी बीच एक बेहद दुखद घटना में कुर्टोरिम के नेसाई इलाके में रहने वाले 17 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्र NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा परीक्षा देने से परेशान था। बेंगलुरु मूल का यह छात्र मडगांव क्षेत्र के एक हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता था। मंगलवार को उसका शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना के समय वह घर में अकेला था। उसकी मां और बहन अपने होम टाउन गई हुई थीं। जबकि उसके पिता, जो रेलवे में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं, वह ड्यूटी पर थे।
घटना का पता तब चला जब पिता काम से लौटे और उन्होंने बेटे का शव देखा। स्थानीय पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में छात्र ने कथित तौर पर गहरी निराशा जाहिर करते हुए लिखा कि वह अब कोई और कंपीटिशन का एक्जाम नहीं देना चाहता। सूत्रों के अनुसार, पेपर लीक के आरोपों के चलते NEET-UG परीक्षा रद्द किए जाने की खबर मिलने के बाद छात्र तनाव में था, क्योंकि छात्रों को पूरी परीक्षा प्रक्रिया दोबारा से गुजरनी पड़ती।
सीबीआई ने पांच आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपियों को बृहस्पतिवार को दिल्ली की एक अदालत के समक्ष पेश किया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किये गए पांचों आरोपियों को सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता की अदालत में पेश किया गया।
NTA के पुनर्गठन की मांग
नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak) केस अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। NTA के पुनर्गठन की मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने अपने अनुरोध के साथ बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने के कारण 22.7 लाख से अधिक छात्रों के मौलिक अधिकारों पर ’’प्रत्यक्ष हमले’’ का हवाला दिया है। याचिका में एनटीए का पुनर्गठन या प्रतिस्थापन करने और नीट-यूजी आयोजित करने के लिए एक मजबूत एवं स्वायत्त प्रणाली बनाने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
