शहर

सहारनपुर में कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, चार लोगों की मौत; 12 से अधिक घायल

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक तेज रफ्तार टैंकर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए हैं।

Image

सहारनपुर में टैंकर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मारी (फोटो-Twitter)

सहारनपुर में शनिवार सुबह श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी जिससे चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कम से कम 12 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार हादसा देवबंद थाना क्षेत्र में एक फ्लाईओवर के पिलर संख्या 13 के पास हुआ। सभी श्रद्धालु मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद नवरात्र के लिए ज्योति लेकर मेरठ के सरधना स्थित अपने गांव कुशावली लौट रहे थे।

चाय-नाश्ता करने के लिए रुके थे श्रद्धालु

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रात भर यात्रा करने के बाद शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वे देवबंद पहुंचे और चाय-नाश्ता करने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।उन्होंने बताया कि हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई जिनकी पहचान अमन राणा (25), सागर (22), पंकज (25) और रमेश (55) के रूप में हुई है।

पाठक ने बताया कि देवबंद थाना पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे की सूचना मिलते ही सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार तथा राहत कार्यों के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कंटेनर चालक और उसके सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article